दिल्ली मेट्रो रेल कोरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मंगलवार को जरूरी सेवाओं के तहत कार्यरत लोगों के अलावा अन्य यात्रियों को 10 बजे से पहले ही अपनी मेट्रो यात्रा पूरी कर लेने की सलाह दी। राष्ट्रीय राजधानी में रात 10 बजे के बाद कर्फ्यू घोषित किया गया है।
केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलो के मद्देनजर 30 अप्रैल तक रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से लगा दिया है।
डीएमआरसी ने से एक बयान में कहा , ‘‘ दिल्ली में आज रात से कर्फ्यू लगाये जाने के मद्देनजर मेट्रो में रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक केवल उन यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी जो जरूरी सेवाओं से संबंधित हैं जैसा कि सरकार का आदेश है। और (जरूरी सेवाओं के) ऐसे यात्रियों का डीएमआरसी और सीआईएसएफ उनके पहचानपत्र से सत्यापन करेगी।’’
दिल्ली मेट्रो ने जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य यात्रियों को दस बजे तक अपनी यात्रा पूरी कर लेने एवं गंतव्य पर पहुंच जाने की सलाह दी है।
उन लोगों को छूट दी गयी है जो हवाई अड्डे/ रेलवे स्टेशन/ राज्य बस टर्मिलन से आ रहे हों या वहां जा रहे हों। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं, मरीजों, राजनयिक कार्यालयों के कामकाज से जुड़े कर्मियों/अधिकारियों, संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों को भी कर्फ्यू से छूट दी गयी है। स्वास्थ्य, पुलिस, जेल, होम गार्ड जैसी आपात सेवाओं में शामिल केंद्र सरकार के अधिकारियों को भी छूट होगी।


Download Android App
Download iOS App



