चंडीगढ़ प्रशासन ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केन्द्र शासित प्रदेश में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि रात्रिकालीन कर्फ्यू बुधवार से लागू होगा।
चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने पुलिस को रात्रिकालीन कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अस्पताल अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी स्वास्थ्कर्मियों को टीके लगवाने को कहा है।
बदनोर ने कहा कि लोगों के लापरवाही करने पर सप्ताहांत पर कर्फ्यू लगाने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों को बंद करने जैसे कदमों उठाने पर विचार किया जा सकता है।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ कोविड-19 के बढ़ते मामलों मद्देनजर रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।’’
वहीं, चंडीगढ़ में वायरस के 319 नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28,798 हो गई। वहीं दो और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 386 हो गई।
वहीं, पंजाब और हरियाणा में भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 2,924 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,57,057 हो गई , जबकि 62 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 7,216, हो गई।
हरियाण में एक दिन में 2,099 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,02,272 हो गई। वहीं, नौ और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,208 हो गई।