महिलाएं और लड़कियां अक्सर बेझिझक और फूल कॉन्फिडेंस के साथ मेट्रो में सफर करती हैं। अगर कोई कहे कि मेट्रो अब सुरक्षित नहीं है, तो आपको शायद बुरा लगे या गुस्सा आए, क्योंकि इस बात पर यकीन करना मुश्किल है। लेकिन, सोशल मीडिया पर आए एक हालिया वीडियो ने चिंता और सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे पता चलता है कि मेट्रो में वाकई इस तरह का गलत व्यवहार हो रहा है। वीडियो में, अधेड़ उम्र का एक आदमी चुपके से एक महिला का वीडियो बना रहा था और उसकी तस्वीरें ले रहा था। जब महिला को शक हुआ और उसने उससे पूछा, तो उसने इनकार कर दिया; हालांकि, उसने अपनी गैलरी से तस्वीरें डिलीट कर दी थीं, लेकिन बाद में वे तस्वीरें फ़ोन के रीसायकल बिन में मिल गईं। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। वहीं मेट्रो में चोरी का एक वीडियो भी सामने आया है।
”अंकल चोरी छिपे ले रहे थे हमारा फोटो”

अंकल के चोरी छिपे फोटो खींचे जाने पर महिला ने इंस्टा पर इस घटना के बारे में पूरी बात की। महिला के अनुसार, शाम के समय वह अपनी सहेली के साथ ग्रीन पार्क जा रही थी। दोनों लोक नायक भवन मेट्रो स्टेशन पर थीं। तभी उन्होंने पास बैठे एक अधेड़ उम्र के आदमी को देखा, जो उनकी तस्वीरें ले रहा था। महिला का कहना है कि जब उस आदमी को पता चला कि उन्होंने उसे देख लिया है, तब भी वह उन्हें घूरता रहा। महिला ने इस वीडियो को खुद इंस्टा पर शेयर कर पूरी बात बताई है। वीडियो में दोनों सहेलियां उस आदमी से सवाल करती हुई दिख रही हैं। उनमें से एक पूछती है, “क्या आपने हमारी तस्वीरें लीं?” इसके बाद, वह आदमी अपना मोबाइल फोन निकालता है और कुछ तस्वीरें डिलीट करता हुआ दिखता है। बाद में, वह महिलाओं को फोन दिखाता है और दावा करता है कि उसने उनकी कोई तस्वीर नहीं ली थी। लेकिन डिलीट की गई तस्वीर फोन की रीसाइकिल बिन में दिखी। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। हालांकि, दिल्ली मेट्रो की तरफ से इस वीडियो पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आई है।
भीड़ का फायदा देखते हुए पर्स में डाला हाथ

दूसरी तरफ, दूसरी वीडियो में देखा जा सकता है कि मेट्रो में चढ़ने और उतरने के दौरान लोगों की भीड़ प्लेटफार्म पर अधिक है। इस बीच, पीली साड़ी पहने एक महिला चुपके से दूसरी महिला के पास जाती है और मौका पाकर उसका हाथ दूसरी महिला के पर्स में डाल देती है। कुछ सेकंड बाद, उसकी नजर कैमरे पर पड़ती है। वह तुरंत पर्स से अपना हाथ हटा लेती है और आराम से खड़ी हो जाती है। यह वीडियो ‘activist_karimansari’ नाम के अकाउंट से इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था।
इन मेट्रो स्टेशन पर अधिक सावधान रहने की सलाह
बता दें कि वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन की तरफ जाने वाले सभी यात्रियों से खास अपील की है। उन्होंने सभी को सावधान रहने की सलाह दी है। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स भी रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसी हरकत करने वालों पर जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि सिर्फ राजीव चौक ही नहीं, दिल्ली के कई बड़े मेट्रो स्टेशनों पर ऐसी घटनाएं हो रही है।



Download Android App
Download iOS App




