Delhi Metro New Corridor 2026: दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत बनाने के लिए कई नई मेट्रो परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को राजधानी में मेट्रो से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के जरिए दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा और लोगों की रोजाना की यात्रा पहले से ज्यादा आसान बनने की उम्मीद है। इन योजनाओं में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला शामिल है। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत करीब 18,300 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
Delhi Metro New Corridor 2026: डीडीए उत्सव स्थल में होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस बड़े कार्यक्रम का आयोजन डीडीए उत्सव स्थल-3 में किया जाएगा, जो निरंकारी मंडल के सामने स्थित है। कार्यक्रम में केंद्र और दिल्ली सरकार के कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली का परिवहन ढांचा और मजबूत होगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी और लोगों को सफर में कम समय लगेगा।
मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक नया मेट्रो कॉरिडोर
दिल्ली मेट्रो के जिन दो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, उनमें पहला मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक का है। यह करीब 12.3 किलोमीटर लंबा खंड है और इसमें कुल आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। यह हिस्सा पहले से चल रही पिंक लाइन का विस्तार है। इस नए खंड के जुड़ने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई करीब 71.56 किलोमीटर हो जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली देश की पहली ऐसी राजधानी बन जाएगी जहां पूरी तरह से चलने वाली रिंग मेट्रो लाइन मौजूद होगी।
इस मार्ग पर जिन प्रमुख स्टेशनों को जोड़ा गया है, उनमें बुराड़ी, झारोदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर शामिल हैं। इससे उत्तर और पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन का विस्तार
दूसरा नया कॉरिडोर दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक बनाया गया है। यह लगभग 9.92 किलोमीटर लंबा है और इसमें सात एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर पहले से चल रही बॉटनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इसके चालू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किलोमीटर तक पहुंच जाएगी। इस मार्ग पर दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे स्टेशन बनाए गए हैं। इससे रोहिणी, पीतमपुरा और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी।
इंजीनियरिंग के लिहाज से भी खास हैं ये परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दोनों कॉरिडोर का निर्माण इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। दीपाली चौक से मजलिस पार्क वाले कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है। इसे दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शन में से एक माना जा रहा है।
वहीं मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के लिए यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है। इसके साथ एक डबल-डेकर वायडक्ट भी तैयार किया गया है, जिसमें ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे सड़क के लिए फ्लाईओवर बनाया गया है। यह यमुना पर बनने वाला दिल्ली मेट्रो का पांचवां पुल होगा।
फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के दौरान दिल्ली मेट्रो के फेज-V (A) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ना है। इनमें पहला कॉरिडोर रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनेगा, जिसे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर कहा जा रहा है। इसकी लंबाई लगभग 9.9 किलोमीटर होगी और यह पूरी तरह भूमिगत बनाया जाएगा। इस मार्ग पर नौ नए स्टेशन बनाए जाएंगे।
एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के लिए बेहतर कनेक्टिविटी
दूसरी परियोजना एयरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन का विस्तार है। यह करीब 2.26 किलोमीटर लंबा भूमिगत मार्ग होगा और इसमें एक नया स्टेशन बनाया जाएगा। इसके अलावा तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन का विस्तार भी किया जाएगा। यह लगभग 3.9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर होगा। इस मार्ग पर सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन बनाए जाएंगे।
NCR के शहरों को भी मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन नई परियोजनाओं का फायदा सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई शहरों को भी मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से आने वाले यात्री वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद पहुंच सकेंगे और वहां से गोल्डन लाइन पकड़कर सीधे हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 तक जा सकेंगे। इसी तरह नोएडा के लोग मैजेंटा लाइन के जरिए कालिंदी कुंज तक पहुंचकर गोल्डन लाइन से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के अन्य इलाकों में आसानी से सफर कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से दिल्ली में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और लोगों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कश्मीरी गेट के पास बनेगा नया फुट ओवर ब्रिज, CM रेखा गुप्ता ने किया शिलान्यास


Download Android App
Download iOS App




