रिठाला से दिलशाद गार्डन तक दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर 21 स्टेशनों के सौंदर्यीकरण से लेकर वहां नये साइनबोर्ड लगाने समेत उनका पुनरोद्धार किया जाने वाला है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने बताया कि इस व्यस्त मेट्रो मार्ग पर सौंदर्यीकरण का यह कार्य विभिन्न चरणों में किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “रिठाला से दिलशाद गार्डन तक 21 स्टेशन वाली लाइन 1 पर पुनरोद्धार कार्य विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। तीन स्टेशनों- दिलशाद गार्डन, झिलमिल और मानसरोवर के पुनरोद्धार कार्य का ठेका दिया जा चुका है। बाकी स्टेशनों के लिए ठेका देने का काम चल रहा है।”
पुनरोद्धार कार्य के तहत स्टेशनों के बाहरी स्वरूप की मरम्मत एवं रंगरोगन, अल्युमिनियम के जाले में सुधार, ढांचागत चमक प्रदान करना आदि शामिल है। डीएमआरसी अधिकारी ने बताया कि वैसे तो समय समय पर स्टेशनों का पुनरोद्धार कार्य कराया जाता रहा है लेकिन ऐसा पहली बार है कि इतने बड़े पैमाने पर स्टेशनों का पुनरोद्धार किया जा रहा है। ठेका दे देने का काम पूरा होने के बाद नौ महीने के अंदर पुनरोद्धार कार्य के पूरा हो जाने की संभावना है।
इस रेडलाइन के 8.2 किलोमीटर तीस हजारी शाहदरा खंड का उद्घाटन 24 दिसंबर, 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। अगले दिन इसे आम यात्रियों के लिए खोल दिया और इस तरह यह दिल्ली मेट्रो में चालू होने वाला पहला खंड बन गया था।


Download Android App
Download iOS App



