दिल्ली मेट्रो में अब सुनाई देंगे ऑडियो विज्ञापन, चार प्रमुख लाइनों पर होगी शुरुआत

Summary :

Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) गैर-किराया आय बढ़ाने के लिए अब मेट्रो ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन शुरू करने जा रहा है। इस योजना के तहत रेड, येलो, ब्लू और मैजेंटा लाइन की चुनिंदा ट्रेनों में स्टेशन घोषणाओं के बीच निर्धारित अंतराल में विज्ञापन प्रसारित किए जाएंगे। डीएमआरसी का उद्देश्य दिल्ली मेट्रो को दुनिया की प्रमुख मेट्रो प्रणालियों की तरह एक प्रीमियम विज्ञापन मंच के रूप में विकसित करना है। डीएमआरसी ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। चयनित एजेंसियों को प्रत्येक लाइन की छह-छह ट्रेनों में विज्ञापन स्लॉट का संचालन और विपणन करने की जिम्मेदारी दी…

Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) गैर-किराया आय बढ़ाने के लिए अब मेट्रो ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन शुरू करने जा रहा है। इस योजना के तहत रेड, येलो, ब्लू और मैजेंटा लाइन की चुनिंदा ट्रेनों में स्टेशन घोषणाओं के बीच निर्धारित अंतराल में विज्ञापन प्रसारित किए जाएंगे। डीएमआरसी का उद्देश्य दिल्ली मेट्रो को दुनिया की प्रमुख मेट्रो प्रणालियों की तरह एक प्रीमियम विज्ञापन मंच के रूप में विकसित करना है।

डीएमआरसी ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। चयनित एजेंसियों को प्रत्येक लाइन की छह-छह ट्रेनों में विज्ञापन स्लॉट का संचालन और विपणन करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। विज्ञापन केवल नियमित परिचालन घोषणाओं के बीच उपलब्ध शांत अंतराल में ही प्रसारित होंगे। यात्री सूचना और सुरक्षा संबंधी घोषणाओं को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही विज्ञापनों की ध्वनि, तीव्रता और आवृत्ति भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नियंत्रित रहेगी।

रेड लाइन पर सबसे अधिक 721 सेकंड का विज्ञापन समय होगा उपलब्ध

चारों लाइनों में रेड लाइन पर सबसे अधिक 721 सेकंड का विज्ञापन समय उपलब्ध होगा। इसके बाद ब्लू लाइन पर 634 सेकंड, येलो लाइन पर 596 सेकंड और मैजेंटा लाइन पर 300 सेकंड का ऑडियो विज्ञापन समय निर्धारित किया गया है।

एजेंसी विज्ञापनदाताओं से राजस्व एकत्र करेगी और कुल सकल आय का 85 प्रतिशत डीएमआरसी को देगी, जबकि शेष हिस्सा उसके पास रहेगा। योजना के तहत प्रत्येक ट्रेन में उपलब्ध कुल विज्ञापन समय का अधिकतम पांच प्रतिशत हिस्सा सामाजिक संदेशों और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) अभियानों के लिए आरक्षित रहेगा। इन जनहित संदेशों के प्रसारण का खर्च डीएमआरसी स्वयं वहन करेगा।

दिसंबर 2023 में वायलेट लाइन की छह ट्रेनों में पहली बार ऑडियो विज्ञापन की शुरुआत

बता दें कि डीएमआरसी ने दिसंबर 2023 में वायलेट लाइन की छह ट्रेनों में पहली बार ऑडियो विज्ञापन की शुरुआत की थी। अब इस मॉडल को राजधानी की सबसे व्यस्त मेट्रो लाइनों तक विस्तार दिया जा रहा है। डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सेवा संबंधी घोषणाएं हमेशा व्यावसायिक विज्ञापनों से ऊपर रहेंगी। साथ ही एजेंसियों से ऐसे नवाचारपूर्ण विज्ञापन विकसित करने को कहा गया है, जो दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और सकारात्मक छवि को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।

यह भी पढ़ें : दिल्ली के कायाकल्प के लिए DDA ने तैयार की आठ सूत्रीय विकास रूपरेखा

Avinay