कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए शहर की सरकार द्वारा सप्ताहंत में कर्फ्यू लगाए जाने के दौरान दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें 17 और 18 अप्रैल को ज्यादा-ज्यादा अंतराल पर चलेंगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में कोरोना वायरस संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए बृहस्पतिवार को कई प्रतिबंधों की घोषणा की थी जिनमें सप्ताह के अंत में कर्फ्यू लगाना और मॉल, जिम, स्पा और सभागारों को बंद रखना शामिल है।
मेट्रो की सेवाएं, वे अधिकृत लोग ले सकते हैं जिन्हें प्रतिबंधों से छूट होगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक बयान में कहा, “कोविड-19 की रोकथाम के लिए आगामी सप्ताहांत में सरकार द्वारा लगाए गए कर्फ्यू के मद्देनजर सप्ताहांत यानि 17 और 18 अप्रैल को सभी नेटवर्क पर मेट्रो सेवाएं 15-15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी।”
डीएमआरसी ने कहा कि दो खंड जहां नेटवर्क दो लाइनों में विभाजित होता है यानि ब्लू लाइन के नोएडा/ वैशाली खंड और ग्रीन लाइन के कीर्ति नगर/ इंद्रलोक खंड पर यह अंतराल दोगुना हो जाएगा यानि सेवाएं इन खंडों पर हर 30 मिनट पर उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 16,699 मामले सामने आए और 112 लोगों की संक्रमण से मौत हुई जबकि संक्रमण दर 20.22 प्रतिशत तक बढ़ गई है।


Download Android App
Download iOS App



