Delhi Mobile Heat Relief Units: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन यूनिट्स का उद्देश्य भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान लोगों को राहत पहुंचाना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजधानी में लू के असर को कम करने के लिए तैयार किए गए ‘हीट एक्शन प्लान 2026’ की बुकलेट भी जारी की। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और हीटवेव की चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली सरकार व्यापक और जन-केंद्रित कदम उठा रही है ताकि नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और राहत मिल सके।
‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ अभियान
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, रवीन्द्र इन्द्रराज सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि राहत को सीधे लोगों तक पहुंचाना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने सभी 13 जिलों के लिए 13 विशेष मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स तैयार की हैं। ये यूनिट्स शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराएंगी। ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि वे गर्मी के मौसम में अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, अधिक से अधिक पानी पिएं, धूप में बाहर निकलने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर 112 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स की सहायता प्राप्त करें।
हीट एक्शन प्लान और श्रमिकों की सुरक्षा
सभी स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम किया गया लागू
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बच्चों को गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए सभी स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू किया गया है ताकि नियमित अंतराल पर बच्चों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया जा सके। स्कूलों में दोपहर के समय आउटडोर गतिविधियों और असेंबली को भी रोक दिया गया है। इसके अतिरिक्त अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। राजधानी के 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, आइस पैक और आवश्यक दवाइयों की अतिरिक्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और विशेष ‘कूल रूम’ भी स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सरकारी भवनों में वाटर कूलर और पेयजल डिस्पेंसर लगाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। दिल्ली सरकार का हीट एक्शन प्लान केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जागरूकता अभियान, हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल संरक्षण, शहरी तापमान नियंत्रण और जलवायु अनुकूल बुनियादी ढांचे के विकास जैसे दीर्घकालिक उपाय भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App




