Delhi News: दिल्ली में लगातार बढ़ रही हत्या और हादसों की घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि सरकार की लापरवाही के कारण मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और नेता चुप्पी साधे हुए हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक साल के अंदर ही दिल्ली की व्यवस्था को बिगाड़ दिया है।
Delhi News: केजरीवाल का भाजपा पर निशाना
उनके मुताबिक, सरकार को जनता की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सरकार जागेगी। केजरीवाल का कहना है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
नालों और गड्ढों को लेकर उठे सवाल
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई जगह नाले खुले पड़े हैं और गड्ढों की भरमार है, जिससे लोगों की जान जा रही है। उन्होंने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पहले जब दिल्ली में “आप” की सरकार थी, तब उपराज्यपाल हर छोटी-बड़ी कमी पर सवाल उठाते थे। लेकिन अब जब सभी संस्थाएं भाजपा के नियंत्रण में हैं, तो कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
जिम्मेदारी किसकी?
आप नेताओं का कहना है कि आज दिल्ली में नगर निगम (एमसीडी), डीडीए, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार, सभी भाजपा के अधीन हैं। ऐसे में अगर कहीं गड्ढा है, नाला खुला है या कोई इमारत गिर रही है, तो उसकी जिम्मेदारी भी भाजपा की ही बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले हादसों के लिए अलग-अलग विभागों पर दोष डाल दिया जाता था, लेकिन अब सभी विभाग एक ही राजनीतिक दल के नियंत्रण में हैं, इसलिए जवाबदेही से बचना मुश्किल है।
बढ़ती हत्याओं पर चिंता
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में 24 घंटे के भीतर कई हत्याएं हो रही हैं। इनमें स्कूली बच्चों तक को निशाना बनाया जा रहा है। चाकू मारकर हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन गंभीर घटनाओं के बावजूद न तो उपराज्यपाल का कोई बयान सामने आता है, न केंद्रीय गृह मंत्री का और न ही मुख्यमंत्री की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया दिखाई देती है।
“दो दिल्ली” की बात
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर कहा कि आज दिल्ली में दो तरह की तस्वीर दिखाई दे रही है। एक दिल्ली वह है जहां आम लोग असुरक्षित हैं, जहां हत्याएं और हादसे हो रहे हैं। दूसरी दिल्ली वह है जहां सरकार के कार्यक्रम, उद्घाटन और उत्सव हो रहे हैं।
उनका कहना है कि जब लोगों के घरों के चिराग बुझ रहे हों, तब सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी भी मां के लिए यह संभव है कि अपने ही शहर में ऐसी घटनाएं हों और वह अनदेखा कर दे?
यह भी पढ़ें: Cricket Fans के लिए Good News! T20 World Cup मैच के लिए दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई टाइमिंग, जानें क्या रहेगा समय


Download Android App
Download iOS App




