Delhi News: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लगातार बढ़ते अपराध और हत्याओं को लेकर भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर कड़ा हमला बोला है। पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब बीच-बचाव करने वालों तक को गोली मार दी जा रही है।
Delhi News: दिल्ली में बढ़ते अपराध पर सवाल

बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलदीप कुमार ने कहा कि नए साल से अब तक दिल्ली में सैकड़ों हत्याएं हो चुकी हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि एक ही दिन में छह हत्याएं दर्ज की गईं। इसके बावजूद भाजपा की “चार इंजन वाली सरकार” अपराध रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
AAP attacks BJP: नंदनगरी की घटना का जिक्र

कुलदीप कुमार ने नंदनगरी में हुई हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ बदमाश एक नाबालिग बच्चे को पीट रहे थे। जब उसका पिता उसे बचाने आया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उनका कहना था कि पहले ऐसी घटनाओं में बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो जाता था, लेकिन अब अपराधी सीधे गोली चला रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले त्रिलोकपुरी में एक वकील को भी गोली मारी गई, जब वह किसी को बचाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि इस घटना में उनकी जान बच गई। लेकिन यह साफ है कि अब अपराधी किसी से भी नहीं डर रहे।
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
आप विधायक ने पूछा कि आखिर दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कर रही है? उन्होंने कहा कि एक साल में भाजपा सरकार ने राजधानी की स्थिति बिगाड़ दी है। महिलाओं की सुरक्षा भी खतरे में है। द्वारका मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस तब हरकत में आई जब सोशल मीडिया पर दबाव बना। उसके बाद ही आरोपी के पिता पर एफआईआर दर्ज की गई। उनका आरोप है कि पुलिस पहले से सक्रिय नहीं रहती, बल्कि दबाव पड़ने पर कार्रवाई करती है।
पुलिस कमिश्नर से मिलने की मांग
कुलदीप कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। यदि वे कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी देना चाहते हैं, तो पुलिस को उसे सुनना चाहिए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से अपील की कि वे राजनीति से ऊपर उठकर काम करें और राजधानी में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सरकार पर साधा निशाना
आप विधायक ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार देश को “विश्व गुरु” बनाने की बात करती है और बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित करती है, लेकिन राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि जब देश की राजधानी में इस तरह की घटनाएं होंगी, तो विदेशों में गलत संदेश जाएगा। अंत में कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार के चारों इंजन फेल हो चुके हैं। सरकार को नाम बदलने और राजनीति करने के बजाय कानून-व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।
यह भी पढ़ें: “मेरी पूरी दुनिया खत्म हो गई”, hit and run आरोपी के पिता के ‘Sorry’ पर साहिल की मां का जवाब


Download Android App
Download iOS App




