आधुनिक सुविधाएं और हाई-टेक सुरक्षा से लैस! राजधानी दिल्ली में शुरू हुई डबल डेकर पर्यटक बस सेवा, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

Summary :

Delhi News: दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने की दिशा में शुक्रवार को एक अहम कदम उठाया गया। राजधानी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रफी मार्ग से अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से बस का अनावरण किया और इसे दिल्ली के पर्यटन विकास की नई पहल बताया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया प्रतिनिधि और अधिकारी इस डबल डेकर बस में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर…

Delhi News: दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने की दिशा में शुक्रवार को एक अहम कदम उठाया गया। राजधानी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रफी मार्ग से अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से बस का अनावरण किया और इसे दिल्ली के पर्यटन विकास की नई पहल बताया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया प्रतिनिधि और अधिकारी इस डबल डेकर बस में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक यात्रा पर भी गए। इस यात्रा का उद्देश्य नई सेवा का अनुभव लेना और इसकी सुविधाओं को प्रदर्शित करना था।

Delhi News: पर्यटन को आधुनिक पहचान देने की पहल

Delhi News
Delhi News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह बस सेवा दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, राजधानी सिर्फ ऐतिहासिक स्मारकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां आधुनिक बुनियादी ढांचे और नए राष्ट्रीय संस्थानों के कारण भी वैश्विक पहचान बन रही है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे आधुनिक स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। नई डबल डेकर बस सेवा इन सभी स्थानों को एक ही यात्रा में देखने का अवसर देगी, जिससे पर्यटकों को दिल्ली की विरासत और आधुनिक विकास दोनों का अनुभव मिलेगा।

Double Decker Tourist Bus Service: ‘विकास भी, विरासत भी’ की सोच से प्रेरित योजना

Delhi News
Delhi News

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन से प्रेरित है। सरकार का उद्देश्य आधुनिक विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली में विकास और परंपरा साथ-साथ आगे बढ़ें, यही सरकार की प्राथमिकता है। शून्य उत्सर्जन पर आधारित यह इलेक्ट्रिक बस पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा देने का भी एक बड़ा कदम है।

पर्यावरण के अनुकूल और सुविधाओं से लैस बस

Delhi News
Delhi News

नई डबल डेकर ई-बस पूरी तरह इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह बस आधुनिक सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित है। 63 सीटों वाली इस बस में पैनोरमिक अपर डेक बनाया गया है, जहां से पर्यटक खुले दृश्य के साथ दिल्ली के प्रमुख स्थलों का आनंद ले सकेंगे। आरामदायक बैठने की व्यवस्था, सुरक्षित यात्रा और बेहतर विज़ुअल अनुभव इसे खास बनाते हैं। सरकार का मानना है कि यह पहल राजधानी की स्वच्छ, हरित और आधुनिक छवि को मजबूत करेगी और विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी।

दिल्ली बनेगी ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह सिर्फ एक बस सेवा की शुरुआत नहीं है, बल्कि दिल्ली को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि पहले पर्यटन क्षेत्र में दूरदर्शी योजना और पर्यावरणीय संतुलन की कमी के कारण दिल्ली केवल ट्रांजिट सिटी बनकर रह गई थी। अब सरकार का लक्ष्य दिल्ली को ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बनाना है, जहां पर्यटक रुककर शहर को विस्तार से देखें और अनुभव करें।

उन्होंने बताया कि दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल है जहां 1,200 से अधिक ऐतिहासिक स्मारक मौजूद हैं। यहां प्राचीन सभ्यता, मुगलकालीन और ब्रिटिशकालीन विरासत के साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अनोखा मेल देखने को मिलता है। सरकार भविष्य में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजनों की भी योजना बना रही है, जिससे पर्यटन, लाइव एंटरटेनमेंट, कॉन्सर्ट इकोनॉमी और क्रिएटर इकोनॉमी को बढ़ावा मिलेगा।

‘देखो मेरी दिल्ली’ बस सेवा की खास बातें

दिल्ली पर्यटन विभाग ने हिंदुजा कंपनी के सहयोग से इस विशेष बस सेवा को शुरू किया है। यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक प्रणाली पर आधारित पर्यटन सर्किट है। इस बस यात्रा का प्रारंभिक स्थान दिल्ली हाट, आईएनए तय किया गया है। यहां से हर दिन सुबह 9 बजे यात्रा शुरू होगी। तय मार्ग के अनुसार बस कई प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगी, जिनमें शामिल हैं:

  • विजय चौक
  • राष्ट्रपति भवन
  • नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक
  • नेशनल म्यूजियम
  • नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट
  • प्रधानमंत्री संग्रहालय
  • नेशनल वॉर मेमोरियल
  • इंडिया गेट

पूरी यात्रा के बाद बस फिर से दिल्ली हाट, आईएनए पर वापस पहुंचेगी। इस सर्किट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि पर्यटक कम समय में राजधानी के प्रमुख ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थानों को आसानी से देख सकें।

टिकट कीमत और बुकिंग की जानकारी

इस डबल डेकर बस का किराया 500 रुपये रखा गया है, जिस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त लागू होगा। पांच से दस वर्ष तक के बच्चों के लिए टिकट 300 रुपये (साथ में 5 प्रतिशत जीएसटी) निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा मुफ्त रहेगी।

टिकट की बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.delhitourism.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा कई पर्यटन सूचना केंद्रों से ऑफलाइन टिकट भी उपलब्ध होंगे। इनमें कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल रिजर्वेशन ऑफिस, आई-सेंटर, आईएनए मार्केट के पास कार्यालय, दिल्ली हाट (आईएनए) और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 समेत अन्य केंद्र शामिल हैं।

पर्यटन और हरित परिवहन की ओर बड़ा कदम

‘देखो मेरी दिल्ली’ डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस सेवा राजधानी में पर्यटन अनुभव को नया आयाम देने वाली पहल मानी जा रही है। यह परियोजना न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधा देगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक परिवहन और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार को भी मजबूती प्रदान करेगी। सरकार को उम्मीद है कि इस नई सेवा से दिल्ली की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही यात्रा में राजधानी की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास की झलक देखने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें: ‘कट्टर ईमानदार’ वाली बात कोर्ट ने भी मानी, आरोप मुक्त होने के बाद केजरीवाल का बीजेपी पर बड़ा हमला

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।