Delhi News: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि यह कदम गरीबों के साथ अन्याय है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक और बुराड़ी से विधायक संजीव झा शालीमार बाग पहुंचे। उन्होंने वहां रहने वाले प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है और उनके साथ गलत नहीं होने देगी।
Delhi News: चुनाव के वादों पर उठे सवाल
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव के समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन्हीं लोगों से वोट मांगे थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनके घर तोड़ने के आदेश दिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के पति दबाव बना रहे हैं और मकान गिराने की धमकी दे रहे हैं। शालीमार बाग के निवासियों ने बताया कि इस समय दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान 2.5 डिग्री तक गिर चुका है। ऐसे में अगर लोगों के घर तोड़े गए तो वे और उनके परिवार कहां जाएंगे, यह बड़ा सवाल है।

Delhi News Today: मकान तोड़ना जनता के साथ अन्याय: संजीव झा
विधायक संजीव झा ने कहा कि शालीमार बाग में घरों को तोड़ने की कार्रवाई पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि सत्ता हमेशा के लिए नहीं होती, लेकिन जनता का भरोसा सबसे बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि एक वोट की ताकत क्या होती है, यह दिल्ली की जनता देख चुकी है। संजीव झा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली में बेहतर सड़कें, अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और कई सुविधाएं दीं। लेकिन अब वोट बदलने का नतीजा नोटिस और बुलडोजर के रूप में सामने आ रहा है।

मुख्यमंत्री को दी नसीहत
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को यह याद रखना चाहिए कि जनता ने उन्हें जिताकर सत्ता सौंपी है। सत्ता का घमंड किसी के लिए ठीक नहीं होता। जिस दिन जनता सत्ता छीन लेगी, उस दिन कोई बचाने वाला नहीं होगा। संजीव झा ने कहा कि यह समय जनता से आशीर्वाद लेने का था, लेकिन इसके बजाय उनके घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि आम आदमी पार्टी इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी, चाहे विधानसभा हो या सड़क।
एक वोट की अहमियत समझाई
उन्होंने कहा कि एक वोट से बहुत कुछ बदलता है। जब जनता ने अरविंद केजरीवाल को वोट दिया, तो दिल्ली में विकास हुआ। लेकिन अब एक वोट बदलने का असर नोटिस और कार्रवाई के रूप में दिख रहा है। संजीव झा ने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी इस संघर्ष में जनता के साथ आखिरी सांस तक खड़ी रहेगी और किसी भी गरीब के साथ अन्याय नहीं होने देगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के CM रेखा गुप्ता ने NCC गणतंत्र दिवस शिविर 2026 का दौरा किया


Download Android App
Download iOS App




