Delhi News : हर जिले में महिला थाना, बसों में महिला होम गार्ड मार्शल की होगी तैनाती

Summary :

Delhi News : दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी में महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए समीक्षा बैठक की। उपराज्यपाल द्वारा सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान के मुताबिक, बैठक के दौरान दिल्ली के पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा व परिवहन सचिव भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने डीटीसी बसों में सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई अहम दिशानिर्देश दिए। बैठक में जिन रुट्स पर महिला यात्रियों की संख्या ज्यादा है या जो रुट महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील माने जाते हैं, वहां पर चलने वाली डीटीसी की स्पेशल लेडीज बसों में…

Delhi News : दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी में महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए समीक्षा बैठक की। उपराज्यपाल द्वारा सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान के मुताबिक, बैठक के दौरान दिल्ली के पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा व परिवहन सचिव भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने डीटीसी बसों में सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई अहम दिशानिर्देश दिए।

बैठक में जिन रुट्स पर महिला यात्रियों की संख्या ज्यादा है या जो रुट महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील माने जाते हैं, वहां पर चलने वाली डीटीसी की स्पेशल लेडीज बसों में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती का फैसला लिया गया। साथ ही इन बसों में महिला होम गार्ड मार्शल की तैनाती का भी फैसला लिया गया।

दिल्ली पुलिस की पीसीआर से जुड़ेगा पैनिक बटन का अलर्ट

बैठक के दौरान एक अहम फैसला यह भी लिया गया कि बसों में लगे पैनिक बटन के अलर्ट को सीधे दिल्ली पलिस के पीसीआर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे तेजी से और बेहतर तरीके से कार्रवाई की जा सकेगी। एलजी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिल्ली पुलिस जल्द ही दिल्ली के हर जिले में सिर्फ महिलाओं के लिए थाने बनाएगी, ताकि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों और शिकायतों को ज्यादा संवेदनशीलता और कुशलता से निपटाया जा सके।

एलजी ने अपनी पोस्ट में कहा कि दिल्ली हर महिला की गरिमा, सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, एक सुरक्षित और विकसित दिल्ली के विज़न को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों में महिलाओं की भागीदारी कोबढ़ाने पर भी जोर-शोर से काम चल रहा है।

पॉक्सो एक्ट के नियमों व गाइडलाइंस के सख्ती से पालन के निर्देश

वहीं, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव और शिक्षा निदेशक के साथ पॉक्सो एक्ट के क्रियान्वयन को लेकर भी एक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान एलजी ने पॉक्सो एक्ट के नियमों व गाइडलाइंस के सख्ती से पालन के निर्देश दिए। इस दौरान एलजी ने पोक्सो एक्ट के नियमों और दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली भर के स्कूलों का व्यापक ऑडिट करने का भी निर्देश दिया।

साथ ही शिक्षा विभाग से नियमों का सख्ती से पालन करवाने और जिन संस्थानों में इन्हें लागू करने में कमी पाई जाए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा एलजी ने दिल्ली पुलिस को स्कूल परिसर और छात्रों के मुख्य इलाकों में, खासकर स्कूल की छुट्टी के समय, पुलिस की मौजूदगी को और मजबूत करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके और लोगों का भरोसा बढ़ाया जा सके।

महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस

बैठक के दौरान एलजी ने महिलाओं और बच्चों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न और गलत हरकत के मामलों में ‘जीरो-टॉलरेंस’ (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाने पर जोर दिया। एलजी ने कहा कि हर छात्र की सुरक्षा, सम्मान और भलाई सबसे ज़रूरी है और हम दिल्ली के हर बच्चे के लिए एक सुरक्षित, निडर और सुरक्षापूर्ण माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

यह भी पढ़ें : जापान की बड़ी कंपनी में जॉब का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी, दो गिरफ्तार

Avinay