जापान की बड़ी कंपनी में जॉब का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी, दो गिरफ्तार

Cyber ​​fraud : जापान की बड़ी कंपनी में जॉब का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी

Cyber ​​fraud : ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना पुलिस ने जापान की नामी कंपनी में जॉब का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि एसएचओ (साइबर थाना) पवन यादव की टीम ने इस गिरोह के दो बदमाशों को बरेली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पहचान सीबीगंज, खलीलपुर रोड, बरेली, यूपी निवासी खुश भटनागर (22) और अमित (23) के रूप में हुई है।

आरोपी नौकरी दिलवाने का दावा करने वाले पोर्टल से बेरोजगार युवाओं का डाटा हासिल कर उन्हें ईमेल के माध्यम से संपर्क कर जापान की नामी कंपनी में जॉब दिलवाने का झांसा देकर ठगते थे। आरोपी पीड़ितों को विश्वास जीतने के लिए फर्जी कॉल लेटर, इंटरव्यू समेत कई औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते थे। फिलहाल पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि एक युवती ने अपने साथ 1.63 लाख रुपये ठगी की शिकायत दी थी।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे एक ईमेल के जरिए जापान की बड़ी कंपनी में जॉब का झांसा दिया गया। उनसे अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठ ली गई। इंस्पेक्टर पवन यादव की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। टेक्निकल सर्विलांस और बैंक खातों की पड़ताल करने पर पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम कई बैंक खातों में घुमाकर उसे बांट दिया गया है।

इसमें से 1.27 लाख रुपये बरेली में किसी खुश भटनागर के खाते में गए। इसके अलावा 14850 रुपये अमित नामक युवक के खाते में गए। पुलिस ने बरेली में छापेमारी कर खुश भटनागर और अमित को दबोच लिया। इनके मोबाइल फोन से साइबर ठगों से बातचीत की चैट और अन्य सामान जब्त किया गया है। ठगों को म्यूल बैंक खाते देने वाला आजमगढ़ से अरेस्ट -उधर, नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना पुलिस ने ठगी में शामिल एक युवक को यूपी के आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है।

आरोपी साइबर ठगों को करवा रहा था म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध

DCP राहुल अलवाल ने बताया कि आरोपी की पहचान अनिल निषाद (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी साइबर ठगों को म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध करवा रहा था। DCP ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित देवेंद्र देव के खाते से आरोपी ने 71 हजार रुपये निकाल लिए थे। एसएचओ (साइबर थाना) राहुल कुमार की टीम ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी।

जांच दौरान पता चला है कि आरोपी टेलीग्राम एप के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में था। उसके मोबाइल से देशभर के साइबर ठगों के साथ हुए संदिग्ध चैट (बातचीत) मिली है। इसके आधार पर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह साइबर ठगों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध करवाता है।

यह भी पढ़ें : ISI के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सात आतंकियों को किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।