दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में शॉर्ट्स पहनने पर रोक, नए ड्रेस कोड का छात्रों ने किया विरोध, जानें नोटिस में क्या बताया गया

Summary :

दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में नए ड्रेस कोड को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद खड़ा हो गया है। कॉलेज ने एक नोटिस जारी कर कैंपस के भीतर कई जगहों पर छात्रों के शॉर्ट्स पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के जाने-माने सेंट स्टीफंस कॉलेज में नए ड्रेस कोड को लेकर छात्रों के बीच विवाद खड़ा हो गया है। कॉलेज की तरफ से एक नोटिस जारी किया है, जिसमें कैंपस के कई हिस्सों में छात्रों के शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगा दी गई है। इस फैसले का विरोध करने के लिए छात्र पहले ही दिन शॉर्ट्स पहनकर कैंपस में पहुंचे। छात्रों ने इस नए ड्रेस कोड का जमकर विरोध किया और इसे व्यक्तिगत पसंद में दखल और मोरल पुलिसिंग बताया। आइए जानते हैं, यूनिवर्सिटी द्वारा जारी नोटिस में किन जगहों पर शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगाई है।

कैंपस में किन जगहों पर शॉर्ट्स पहनने पर लगी रोक?

कॉलेज द्वारा जारी नोटिस में छात्रों के कैंपस के अंदर कई जगहों पर शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगाई है। इसमें क्लासरूम, असेंबली हॉल, लाइब्रेरी, डाइनिंग हॉल और कॉलेज की चैपल शामिल हैं। इसके साथ ही सभी जूनियर सदस्यों से ड्रेस कोड को फॉलो करने के लिए कहा गया है।

St Stephen College Dress Code
St Stephen College Dress Code (Image- Social Media )

छात्रों ने पहले दिन ही किया विरोध

कॉलेज के इस नोटिस के खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नए सत्र के पहले दिन ही कई छात्र कैंपस में शॉर्ट्स पहनकर पहुंचे। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन उनकी निजी पसंद में दखल दे रहा है। छात्रों ने इसे मोरल पुलिसिंग बताते हुए कहा कि कॉलेज को यह तय नहीं करना चाहिए की छात्र क्या पहनें और क्या नहीं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन इस विचारे पर छात्रों के साथ चर्चा करें और समाधान निकालें। वहीं, कुछ छात्रों का यह भी कहना है कि यह सिर्फ एक पारंपरिक नियम है, जिसका सख्ती से पालन नहीं होता और आम तौर पर ऐसा करने पर कोई सजा नहीं दी जाती।

स्पोर्ट्स टीम के खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा असर

कॉलेज के इस नए ड्रेस कोड का सबसे ज्यादा असर स्पोर्ट्स टीम के खिलाड़ियों पर होगा। सुबह-सुबह खिलाड़ी अपने आधिकारिक स्पोर्ट्स किट में ही डाइनिंग हॉल या अन्य जगहों पर जाते हैं। कुछ छात्रों का दावा है कि कई बार स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को हॉल और मेस में एंट्री नहीं दी जाती। फिलहाल कॉलेज की तरफ से इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।