दिल्ली के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ओम प्रकाश शर्मा के कार्यालय में कथित तौर पर चोरी के आरोप में 21 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि इसी मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शर्मा विश्वासनगर सीट से विधायक हैं।
पुलिस को 10 फरवरी को विधायक के कड़कड़डूमा अदालत के यातायात सिग्नल के नजदीक स्थित कार्यालय में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि निरंजन नामक कर्मी ने नौ फरवरी अपराह्न तीन बजे कार्यालय को बंद किया था और जब अगली सुबह दोबारा कार्यालय खोला तो खिड़की टूटी हुई थी और कई सामान की चोरी हुई थी।
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जिसमें दो लोग टहलते नजर आए। उनकी पहचान करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि विश्वास नगर के एनएसए कॉलोनी निवासी शेखर उर्फ मनीष भास्कर सहित आरोपियों ने बताया कि वे रात को इलाके में घूमते थे और ताला लगे घरों व कार्यालयों को निशाना बनाते थे। शेखर पहले भी आनंद विहार थाने में दर्ज एक मामले में संलिप्त था।


Download Android App
Download iOS App



