AC शॉर्ट सर्किट ने ली 9 जिंदगियां; विवेक विहार की रिहायशी बिल्डिंग में तड़के लगी आग ने मचाई तबाही

Summary :

Delhi Vivek Vihar AC Short Circuit: पूर्वी दिल्ली के पॉश विवेक विहार फेस- 1 इलाके में रविवार तड़के कथित तौर पर एसी से शॉर्ट सर्किट के बाद एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन परिवारों के नौ सदस्यों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची विवेक विहार थाना पुलिस व दमकल की टीम ने इमारत से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अन्यथा हदसा और भी ज्यादा ह्रदय विदारक हो सकता था। दमकल की 14 गाड़ियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। सूत्रों…

Delhi Vivek Vihar AC Short Circuit: पूर्वी दिल्ली के पॉश विवेक विहार फेस- 1 इलाके में रविवार तड़के कथित तौर पर एसी से शॉर्ट सर्किट के बाद एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन परिवारों के नौ सदस्यों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची विवेक विहार थाना पुलिस व दमकल की टीम ने इमारत से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अन्यथा हदसा और भी ज्यादा ह्रदय विदारक हो सकता था। दमकल की 14 गाड़ियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। सूत्रों की मानें तो आग बूझने और सर्च ऑपरेशन के दौरान पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल से कुल नौ शव बुरी तरह जली अवस्था में मिले। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि उसकी दो बेटियों ने पहली मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।

पहली से तीसरी मंजिल तक फैला मौत का तांडव

शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार फेज-1 के मकान नंबर बी-13 में आग लगने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में आग लगी थी। पुलिस व दमकल की टीम ने मौके से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि नौ लोगों की हादसे में मौत हुई है।

मासूम बच्चे समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने गंवाई जान

डीसीपी ने बताया कि इमारत की पहली मंजिल पर 45 वर्षीय शिखा जैन की मौत हुई है। दूसरी मंजिल पर रहने वाले परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई है। जिनकी पहचान अरविंद्र जैन (60) इनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल के पोते आकाश जैन उर्फ आनू के तौर पर हुई है। तीसरी मंजिल पर रहने वाले परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान नितिन जैन (55), इनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे समायकन जैन (25) के तौर पर हुई है। हादसे में शिखा के पति नवीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के चलते उन्हें सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

शॉर्ट सर्किट और एसी ब्लास्ट की आशंका

डीसीपी ने बताया कि साक्ष्य एकत्र करने के लिए पुलिस ने इमारत को फिलहाल चारों और से कवर कर दिया है। विवेक विहार पुलिस मौके पर तैनात है। दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करेगी। सूत्रों की मानें तो कथित तौर पर पहली मंजिल पर एसी में स्पा‌र्किंग व ब्लास्ट के बाद आग लगी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है। तफ्तीश के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल पाएगा।

यमुनापार में लगातार दूसरा हादसा

यहां बता दें कि शनिवार को भी यमुनापार के गोकुलपुरी जौहरी पुर इलाके में एसी ब्लास्ट के बाद एक घर में आग लग गई। हादसे में पांच साल के मासूम यशांत की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके भाई प्रयांश (6) की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका जीटीबी अस्पताल में उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें-Gurmat Camp 2026: गर्मियों की छुट्टियों में सिख इतिहास से जुड़ेंगे बच्चे; काहलो ने दी 19 दिवसीय गुरमत कैंप की जानकारी

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।