राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। इसके साथ ही प्रदूषण और कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज दिन में भी बादल छाए रहने के साथ कई हिस्सों में हल्की बारिश भी होगी। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में बारिश होने की संभावना जताई थी।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद में अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली में फिर से शीत लहर का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

वहीं कोहरे के चलते सुबह नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में अंधेरा छाया रहा। हवाओं की रफ्तार उतनी ज्यादा नहीं है, जो धुंध को हटा सके। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जनवरी में सामान्य से अधिक बारिश होने की पूरी संभावना है। बारिश का यह क्रम बुधवार से शुरू हो जाएगा।
9 जनवरी तक कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की बारिश और बौछारे पड़ेंगी। इस बारिश की वजह से दिन के समय ठिठुरन भरी ठंड का अहसास होगा, लेकिन रातों को अधिक सर्दी नहीं होगी। न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास बना रहेगा। छुटपुट बौछारें 10 जनवरी तक भी रह सकती है, लेकिन बारिश की सबसे अधिक संभावना 7 से 9 जनवरी के बीच रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



