Delhi Welcome Matchstick Dispute Murder: नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के वेलकम थाना पुलिस ने नाबालिग की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेलकम निवासी इमरान उर्फ चिकना (19), फैजान उर्फ काला (23) और साहिल उर्फ जाकिर उर्फ बोना (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में हत्या की वजह को लेकर आरोपियों ने बताया कि महज माचिस न देने की मामूली बात पर उन्होंने एक शख्स की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को एसएचओ रूपेश खत्री की टीम ने पकड़ा है।
जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
डीसीपी आशीष मिश्रा के अनुसार, 23 मार्च की सुबह करीब 10:27 बजे वेलकम पुलिस को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान जेजे कॉलोनी, वेलकम निवासी 39 वर्षीय अकील अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के अलावा सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया गया। जांच के दौरान तकनीकी टीम और स्थानीय सूत्रों की मदद से मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस ने चारों संदिग्धों को धर दबोचा।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस की पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वारदात वाले दिन उन्होंने अकील अहमद से माचिस मांगी थी। अकील ने माचिस देने से साफ इनकार कर दिया, जिस पर उनकी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर उन्होंने अकील पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




