राजधानी दिल्ली में अगले 3 से 4 दिन छिटपुट बारिश ही होने के आसार हैं। इसके चलते तापमान में थोड़ा इजाफा होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य दो डिग्री सेल्सियस कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले तीन-चार दिन हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने पहले कहा था कि दिल्ली में अगस्त में सामान्य वर्षा होने की संभावना है। शहर में जुलाई में असमान्य रूप से भारी बारिश हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में मानसून के सामान्य तिथि 27 जून से 2 सप्ताह बाद पहुंचने के बावजूद जुलाई में 507.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 141 प्रतिशत अधिक है। जुलाई 2003 के बाद दर्ज की गई यह सर्वाधिक बारिश थी। दिल्ली में जुलाई और अगस्त में आमतौर पर सर्वाधिक बारिश होती है।
बता दें कि अगले 2 दिनों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश भले ही हो सकती है। दिन के समय आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। लेकिन, अच्छी बरसात नहीं होने के चलते तापमान 34 डिग्री के आसपास बना रहेगा। वहीं, अलग-अलग मौसम की गतिविधियों के चलते दिल्ली की हवा साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार के दिन दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 71 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है।


Download Android App
Download iOS App



