दिल्ली चिड़ियाघर में पटना से आए नए मेहमान! भेड़िया, बाघ समेत कई वन्यजीव क्वारंटाइन, जल्द दर्शकों के लिए होने वाला हैं आकर्षण का केंद्र

Summary :

Delhi Zoo New Animals: राजधानी के वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक सुखद और उत्साहजनक खबर सामने आई है। दिल्ली चिड़ियाघर और पटना जू के बीच शुरू हुआ वन्यजीव एक्सचेंज प्रोग्राम अब सिर्फ योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीन पर नजर आ चुका है। इस पहल के तहत पटना से भेड़िया, बाघ, घड़ियाल, धामन सांप और बार्न आउल जैसे दुर्लभ और आकर्षक वन्यजीव दिल्ली पहुंच चुके हैं, जिन्होंने चिड़ियाघर की रौनक में नई जान फूंक दी है। फिलहाल इन नए मेहमानों को क्वारंटाइन में रखा गया है, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनके स्वास्थ्य और व्यवहार पर बारीकी से नजर…

Delhi Zoo New Animals: राजधानी के वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक सुखद और उत्साहजनक खबर सामने आई है। दिल्ली चिड़ियाघर और पटना जू के बीच शुरू हुआ वन्यजीव एक्सचेंज प्रोग्राम अब सिर्फ योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीन पर नजर आ चुका है। इस पहल के तहत पटना से भेड़िया, बाघ, घड़ियाल, धामन सांप और बार्न आउल जैसे दुर्लभ और आकर्षक वन्यजीव दिल्ली पहुंच चुके हैं, जिन्होंने चिड़ियाघर की रौनक में नई जान फूंक दी है।

फिलहाल इन नए मेहमानों को क्वारंटाइन में रखा गया है, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनके स्वास्थ्य और व्यवहार पर बारीकी से नजर रख रही है। उम्मीद है कि जल्द ही ये वन्यजीव आम दर्शकों के सामने होंगे और चिड़ियाघर आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

चिड़ियाघरों की बढ़ाएगी आकर्षण क्षमता

चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, यह एक्सचेंज प्रोग्राम केवल दर्शनीयता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण कदम है। विभिन्न प्रजातियों के जानवरों का आदान-प्रदान उनके सुरक्षित प्रजनन, बेहतर स्वास्थ्य और आनुवंशिक विविधता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। चिड़ियाघर के निदेशक संजीत कुमार ने कहा कि दिल्ली और पटना के बीच यह तालमेल सिर्फ जानवरों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि जैव विविधता को सहेजने और वन्यजीवों के उज्जवल भविष्य की दिशा में उठाया गया एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है। आने वाले समय में यह पहल न केवल चिड़ियाघरों की आकर्षण क्षमता बढ़ाएगी, बल्कि लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी गहराएगी।

पटना जू से आए ये नए मेहमान

चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, 11 अप्रैल को पटना से कई वन्यजीवों को एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत सुरक्षित तरीके से दिल्ली लाया गया। इनमें भारतीय ग्रे भेड़िये के दो नर और दो मादा, एक बाघ, चार घड़ियाल, दो धामन सांप (रैट स्नेक) और दो कॉमन बार्न आउल शामिल हैं। इन वन्यजीवों को लाने के दौरान हर छोटी-बड़ी सावधानी रखी गई, ताकि सफर का उन पर कोई बुरा असर न पड़े। फिलहाल विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उनकी सेहत और व्यवहार पर नजर बनाए हुए है।

अब दिल्ली से पटना जाएगा वन्यजीवों का दल

प्रशासन के अनुसार, इस आदान-प्रदान की प्रक्रिया यहीं नहीं रुकेगी। अब दिल्ली चिड़ियाघर से भी कुछ वन्यजीवों को पटना जू भेजा जाएगा। इसके लिए पटना जू से आई विशेषज्ञों की टीम दिल्ली में ही मौजूद है, टीम इन जानवरों को पटना ले जाने की तैयारी कर रही है। पटना जाने वाले वन्यजीवों में दो नर और चार मादा संगाई हिरण, एक मादा सफेद बाघ, चार पेंटेड स्टॉर्क, चार ग्रेट व्हाइट पेलिकन और एक ल्यूसी स्टिक काला मृग शामिल हैं।

रिपोर्टर – प्रशांत चौहान

Also Read – सावधान! दिल्ली के इन इलाकों में 15-16 अप्रैल को नहीं आएगा पानी, जल बोर्ड ने किया अलर्ट

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।