पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) के तहत आने वाले सोनिया विहार इलाके के जी ब्लॉक में मंगलवार को निगम के कर्मचारियों ने डेमोलेशन ड्राइव शुरू की। लेकिन पूर्व विधायक एवं क्षेत्रीय लोगों के भारी विरोध को देखते हुए निगम कर्मचारियों ने डेमोलेशन ड्राइव को आगे नहीं बढ़ाया।
हालांकि इस दौरान वे एक मकान का दूसरा फ्लोर हथौडे से क्षतिग्रस्त कर चुके थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनिया विहार के जी ब्लॉक में 25 एवं 50 गज के चार मकानों के ऊपरी फ्लोर को तोड़ने के लिए निगम के कर्मचारी वहां पहुंचे थे। उन्होंने ऊपर के फ्लोर को अवैध बताते हुए तोड़ना शुरू कर दिया। धर्मपाल नाम के एक व्यक्ति के मकान के उपरी फ्लोर को कर्मचारियों ने हथौड़े से बुरी तरह छतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच पूर्व विधायक मोहन सिंह बिष्ट एवं स्थानीय लोगों ने वहां पहुंचकर इसका विरोध शुरू कर दिया।
जिसके चलते निगम कर्मचारियों ने अपनी डेमोलेशन ड्राइव वहीं रोक दी। पूर्व विधायक ने कहा कि यदि इन मकानों को ढहाया गया तो वे आंदोलन करेंगे। जब इस बारे में स्थानीय पार्षद सुषमा मिश्रा से बात की गई तो उनके प्रतिनिधि ने कहा कि पीड़ित पक्ष ने पार्षद को डेमोलेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसीलिए हम उसमें कुछ भी कर सकने में असमर्थ थे। हालांकि बाद में डेमोलेशन ड्राइव रोक दी गई।


Download Android App
Download iOS App



