मुफ्त लैपटॉप की पेशकश करने वाली फर्जी वेबसाइट का संचालक गिरफ्तार

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगा कर कथित तौर पर एक फर्जी वेबसाइट चलाने वाले और ‘‘सरकार के फिर से चुने जाने के अवसर पर मुफ्त लैपटॉप सरकारी योजना’’ के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले एक आईआईटी पोस्टग्रेजुएट को गिरफ्तार किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगा कर कथित तौर पर एक फर्जी वेबसाइट चलाने वाले और ‘‘सरकार के फिर से चुने जाने के अवसर पर मुफ्त लैपटॉप सरकारी योजना’’ के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले एक आईआईटी पोस्टग्रेजुएट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। 
पुलिस ने बताया कि 2019 बैच के आईआईटी पोस्ट ग्रेजुएट राकेश जांगिड़(23) को राजस्थान के नागौर जिले में स्थित उसके गृह नगर पुंदतोला से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वेबसाइट पर लोगों को मुफ्त पंजीकरण कराने के लिए लुभाने को लेकर ‘मेक इन इंडिया’ ‘लोगो’ का इस्तेमाल करते हुए फर्जी प्रमोशनल मल्टीमीडिया मैसेज(एमएमएस) का इस्तेमाल किया।
 
पुलिस ने बताया कि दो दिनों के अंदर ही करीब 15 लाख लोग उसके झांसे में आ गए। फर्जी वेबसाइट की फर्जी योजना व्हाट्सएप पर भी वायरल हो गई। 
उसका इरादा पंजीकरण के बहाने लाखों लोगों की निजी जानकारी हासिल करने और उसके इस्तेमाल से अवैध मौद्रिक लाभ हासिल करने का था। 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।।

Shera Rajput