नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तरी दिल्ली स्थित किराड़ी और बादली जिले में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी पार्टी और सरकार के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं में 2015 में भी इतनी ऊर्जा नहीं थी जितनी आज है क्योंकि हमारी पार्टी और सरकार पर कोई आरोप नहीं है। हमारी सरकार ने पांच साल में ऐसे ऐसे काम किए हैं जो 70 साल में नहीं हुए।
कोई सोच नहीं सकता था कि सरकारी अस्पताल व स्कूल ठीक हो सकते हैं। आप की सरकार ने पांच साल में इसे कर दिल्ली वालों का सीना चौड़ा कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि पहले की सरकारों में इतने घोटाले होते थे कि कार्यकर्ता निकल नहीं पाते थे। निकलने पर लोग घोटालों की बात करते थे। हमारी सरकार की सारी जांच करा ली, कुछ नहीं निकला। कोई घोटाला नहीं निकला। हम चौराहों पर काम गिना रहे हैं।
‘अब बिजली बिल आना त्योहार बन गया’
सीएम ने कहा कि पहले लोग बिजली बिल आंख मलकर देखते थे। उन्हें झटका लगता था। अब वह बिजली बिल देखकर दीवाली मनाते हैं। एक आदमी ने कहा बस 2 यूनिट से रह गया, नहीं तो मेरा भी बिल शून्य आता। अब बिजली बिल आना त्योहार बन गया है। उन्होंने कहा कि एक अम्मा मिली। उनका ऑपरेशन होना था।
निजी अस्पताल ने 6 लाख रूपये मांगे लेकिन दिल्ली सरकार के जीटीबी अस्पताल में उनका फ्री इलाज हुआ। अब अम्मा दुआएं दे रही हैं। वहीं आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश में कई जगह सरकारें बनती हैं।
पांच साल बाद जब जनता पूछती है क्या काम हुआ है तो नेता कहते हैं जाति और धर्म की बात करो। आज भाजपा के पास अरविंद केजरीवाल के सामने चेहरा नहीं है। इसी कारण नरेंद्र मोदी जी को सीएम के रुप में पेश कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



