नई दिल्ली : चाहे बन न सके लेकिन हर एक के अंदर ताजमहल बनाने की इच्छा होनी चाहिए। नया परिवर्तन करने वाले ड्रीम्स देश की ग्रोथ के लिए बहुत जरूरी हैं। ये विचार कालकाजी स्थित जगन्नाथ इंटरनेशनल मैनेजमेंट स्कूल (जिम्स) में आयोजित वीविंग ड्रीम्स टॉक्स कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा ने स्टूडेंट्स के आगे रखे और इनोवेशन थीम पर आधारिक इस टॉक में स्टूडेंट्स से उनके विचार भी सांझा करते हुए उन्हें संस्कार और वैल्यू को भी नहीं भूलने की सलाह दी।
जबकि उनसे पहले वीविंग ड्रीम्स फाउंडर डॉ. गगनदीप कौर गुलाटी ने इस संगठन के महत्व को समझाया। टॉक शो के दौरान डॉ. मनप्रीत सिंह मन्ना, दीपिका चावला, शिवानी सिंह और प्रोफेसर निमित गुप्ता आदि हस्तियों ने भी इनोवेशन विषय पर अपने विचार स्टूडेंट्स से सांझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। डॉ. गगनदीप कौर ने इस कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। वीविंग ड्रीम्स के महत्व को बताते हुए उन्होंने पोएट्री वर्ल्ड ऑफ वीविंग ड्रीम्स की घोषणा भी की और युवा कवियों को इस मंच पर अपनी कविताओं को सांझा करने के लिए आमंत्रित करते हुए उन्हें पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि किरण चोपड़ा ने इस टॉक शो में बोलते हुए कहा कि गगनदीप का यह बेहतरीन कांसेप्ट है। उन्होंने इस पर स्टूडेंट्स से ही उनके विचार शेयर किए।
अपने अनुभव से उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। हम सब सपने बुनते हैं। सपने बुनना व देखना बुरा नहीं हैं। लेकिन सपने ऐसे होने चाहिए जो सोने न दें। उन्होंने देश की ग्रोथ को आगे बढ़ाने के संबंद्ध में स्टूडेंट्स को अपना अनुभव दिया। देश की इकोनॉमिक ग्रोथ करने और उसे विश्व गुरु बनाने के तहत उन्होंने स्टूडेंट्स से भी विचार लिए। उन्होंने कहा कि अगर ग्रोथ को बढ़ाना है तो परिवर्तन की तरफ जाना होगा। पुराने मैथड को भी इनोवेशन के जरिए बेहतर बनाना होगा। उन्होंने पंजाब के फुलकारी और लिज्जत पापड़ के उदाहरण इनोवेशन के तहत दिए।
इसके अलावा उन्होंने स्टूडेंट्स को संस्कार और वैल्यू को भी इसके साथ लेकर चलने की सलाह दी। अगर इनोवेशन और संस्कृति साथ चलेगी तो ज्यादा तरक्की में मदद मिलेगी, तभी युवाओं के भी सपने भी पूरे हो सकेंगे। इसके लिए उन्होंने मां और गूगल गुरु का उदाहरण पेश किया। डॉ. गगनदीप कौर गुलाटी ने बताया कि यह कार्यक्रम इनोवेशन विषय के तहत समकालीन परिप्रेक्ष्य, सामाजिक सद्भाव और आर्थिक विकास (इकोनॉमिक ग्रोथ) पर आयोजित किया गया था।
विविंग ड्रीम्स एक ऐसा प्लेटफार्म है जो विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सशक्त बनाने और उन्हें एक दूसरे के साथ बातचीत करने में सक्षम बनाता है। ताकि सभी के लिए अधिक वैश्विक प्रदर्शन, ब्रांडिंग और दृश्यता को बढ़ावा दिया जा सके। इस सम्मलेन का उद्देश्य युवाओं और उद्मियों के बीच जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से बातचीत द्वारा सशक्त सहयोग देना था।


Download Android App
Download iOS App



