DUSU Election : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन ने डूसू चुनाव के लिए 84 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया है। इसके साथ ही एसएफआई ने छात्रों के बीच अपना ‘ड्रीम डीयू ऑफ डफली गैंग’ अभियान भी शुरू किया है। संगठन ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
एसएफआई दिल्ली के अनुसार, शनिवार को आयोजित बैठक में दिल्ली विश्वविद्यालय के 28 कॉलेजों से संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में डूसू चुनाव की रणनीति और विश्वविद्यालय में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इसी दौरान 84 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया।
चुनाव समिति में सूरज एलामन को अध्यक्ष, नदिया को संयोजक, मेहिना फातिमा को उपाध्यक्ष और नोएल बेनी को सह-संयोजक चुना गया। समिति को डूसू चुनाव के लिए संगठन की चुनावी रणनीति तैयार करने और अभियान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएफआई ने अपने ‘ड्रीम डीयू ऑफ डफली गैंग’ अभियान के जरिए विश्वविद्यालय में प्रगतिशील और सुलभ शिक्षा की अपनी सोच को छात्रों तक पहुंचाने की बात कही है। संगठन का कहना है कि अभियान के दौरान छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा। साथ ही एबीवीपी और एनएसयूआई के नेतृत्व वाले डूसू द्वारा छात्रों से किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने को भी चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि डूसू चुनाव के लिए 18 सितंबर को मतदान और 19 सितंबर को मतगणना निर्धारित है। वर्ष 2025 के डूसू चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष समेत केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, एनएसयूआई को उपाध्यक्ष पद पर जीत मिली थी। ऐसे में इस बार चुनाव से पहले छात्र संगठनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।



Download Android App
Download iOS App




