Dwarka Murder Case: नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने बुधवार शाम सोनिया विहार इलाके में पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रूपक के तौर पर हुई है। आरोपी ने पकड़े जाने के बाद खुलासा करते हुए बताया कि झगड़े के दौरान पत्नी पूनम (31) ने उसे थप्पड़ मार दिया था। गुस्से में उसने पत्नी को बुरी तरह पीटा, उसका गला दबाया और फिर फर्श पर पटक दिया। हमले में पूनम का सिर फट गया था। वह उसे मौके पर अचेत हालत में ही छोड़कर फरार हो था।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सोनिया विहार पांचवा पुस्ता एरिया में एक महिला की हत्या की सूचना मिली। पुलिस को मृतका पूनम का शव घर के अंदर ही मिला। इस बाबत सोनिया विहार थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि वारदात को मृतका के पति रूपक ने अंजाम दिया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए एसीपी खजूरी यतिन शर्मा की देखरेख में सोनिया विहार थाने के एसएचओ पंकज सिंह, एटीओ दीपक कुमार वर्मा, सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु आदि की टीम गठित की गई।
टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से आरोपी की जानकारी जुटाई और वारदात के कुछ घंटे बाद ही उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी नशे का आदी था। वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था।जिसकी वजह से उनके बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता था। वारदात वाले दिन भी आरोपी रूपक शराब के नशे में था और पत्नी से झगड़ा कर रहा था। पूनम ने गुस्से में उसे थप्पड़ मार दिया तो वह आपा खो बैठा और पत्नी की हत्या कर फरार हो गया। दंपति का एक करीब पांच साल का बेटा है। आरोपी रूपक पेशे से ऑटो चालक है।
Also Read: Delhi में आज गिरेंगे ओले, UP-Bihar में आंधी-बारिश, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल


Download Android App
Download iOS App




