चांदनी चौक में पुनर्मतदान वाले बूथ पर आठ प्रतिशत कम मतदान 

Summary :

दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक बूथ पर रविवार को पुनर्मतदान हुआ जहां 42.14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया

दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक बूथ पर रविवार को पुनर्मतदान हुआ जहां 42.14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। गत 12 मई को इस बूथ पर हुए मतदान के मुकाबले आज यहां आठ प्रतिशत कम मतदान दर्ज किया गया।गत 12 मई को चांदनी चौक में बूथ नंबर 32 पर 50.69 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इस बूथ पर पुनर्मतदान की आवश्यकता इसलिए हुई क्योंकि पीठासीन अधिकारी 12 मई को वास्तविक मतदान से पहले हुए प्रायोगिक मतदान के दौरान पड़े वोटों को ईवीएम से हटाना भूल गए थे।

वास्तविक मतदान शुरू होने से पहले यह परखने के लिए प्रायोगिक मतदान किया जाता है कि ईवीएम ठीक से काम कर रही है या नहीं। इसके तहत कम से कम 50 वोट डाले जाते हैं और प्रत्येक उम्मीदवार के लिए एक-एक वोट जरूर डाला जाता है। निर्वाचन आयोग ने गत बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया था कि बूथ पर 19 मई को पुनमर्तदान कराया जाए।

Desk Team