हैदराबाद: देश के चार राज्यों में विधानसभा चुनाव तो कुछ ही महीने बाद लोकसभा चुनाव 2019 होने वाले हैं जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हवा तेज है। अब बीजेपी की नजर दक्षिण के राज्यों पर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब बीजेपी तेलंगाना में कमल खिलाने के लिए बेताब है। तेलंगाना के किले को फतह करने के लिए पार्टी हिंदुओं को एकजुट करने पर जोर दे रही है। यही नहीं, तेलंगाना में बीजेपी और अन्य हिंदूवादी संगठनों को योगी आदित्यनाथ जैसा एक ‘भगवाधारी’ लीडर भी मिल गया।
बीजेपी की नजर परिपूर्णानंद स्वामी पर है जिनकी आदिवासियों पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। बीजेपी के अंदर चर्चा चल रही है कि परिपूर्णानंद स्वामी को लोकसभा चुनाव या हैदराबाद की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया जाए। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें सिंकदराबाद या मलकानगिरी लोकसभा सीट या फिर कारवान या चंद्रयानगुट्टा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है। हाल ही में आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने परिपूर्णानंद से अकेले में मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्हें बड़े स्तर पर लांच करने की बातें आ रही हैं।
बीजेपी के विधायक एनवीएसएस प्रभाकर उनके स्वागत के लिए मंगलवार को विजयवाड़ा पहुंच गए हैं। प्रभाकर ने कहा, ‘मैंने पहले ही विधानसभा के अंदर कहा है कि तेलंगाना को योगी आदित्यनाथ जैसे लीडर की जरूरत है। यह समय बताएगा कि स्वामी परिपूर्णानंद कब राजनीति में आएंगे. यह फैसला आलाकमान स्तर पर लिया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के राज्य अध्यक्ष एम रामा राजू ने बताया कि मौजूदा के चंद्रशेखर राव की सरकार की छवि हिंदू विरोधी है। वह निजाम से भी दो कदम आगे जाकर हिंदू विरोधी फैसले ले रहे हैं। ऐसे में अगर कोई कट्टर हिंदू छवि वाला नेता राज्य में विकल्प बनकर आते हैं तो निश्चित तौर से इसमें लोगों की स्वीकार्यता बढ़ेगी।
स्वामी परिपूर्णानंद की आदिवासियों के बीच काफी अच्छी छवि है। साथ ही उनकी हिंदू छवि भी उन्हें लोकप्रिय बनाता है। हैदराबाद में आते ही परिपूर्णानंद स्वामी नागलक्ष्मी मंदिर में पूजा करेंगे। इसके बाद वह भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण भी करेंगे। हालांकि परिपूर्णानंद के राजनीति में आने की अटकलों पर कोई भी बीजेपी नेता खुलकर कोई बयान नहीं दे रहे हैं। हालांकि उनके हैदराबाद दौरे के दौरान तय कार्यक्रम और स्वागत की तैयारियों के आधार पर अटकलें तेज हैं कि परिपूर्णानंद की राजनीतिक लांचिंग होने वाली है।


Download Android App
Download iOS App



