नई दिल्ली : दिल्ली लोकसभा चुनाव के दौरान वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब मेट्रो भी लोगों को जागरूक करेगी। बुधवार को दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन से चुनावी रंग में रंगी पिंक लाइन मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पैरा ओलंपिक एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता दिव्यांग अंकुर धामा और पैरा ओलंपिक विजेता नीरज यादव उपस्थित रहे।
इस मौके पर डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि पिंक लाइन की छह कोच वाली ट्रेन में गोरवशाली दिव्यांगों की अपीलों को मतदाता जागरुकता साम्रगी में शामिल किया गया है। मेट्रो पिंक लाइन पर सबसे ज्यादा युवा मतदाता सफर करते हैं। मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि यह लाइन साउथ कैंपस और नॉर्थ कैंपस को जोड़ती है। इस लाइन पर लाखों छात्र रोजाना सफर करते हैं। ऐसे में दिल्ली चुनाव आयोग दिल्ली में 12 मई को होने वाले लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं की भागीदारी चाहती है।
इसके अलावा दिल्ली चुनाव आयोग महिला वोटर और दिव्यांग वोटर को भी जागरूक कर रही है। इस अवसर पर मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। उन्होंने खासकर विशेष वर्गों जैसे दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विशेष मुख्य निर्वाचन अधिकारी सतनाम सिंह, निर्वाचन अधिकारी चरनजीत सिंह, आरती अग्रवाल ने इस कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्व किया।


Download Android App
Download iOS App



