दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, प्रदूषण में होगी कमी: पंकज सिंह

Summary :

प्रदूषण कम करने में मददगार होंगी दिल्ली की इलेक्ट्रिक बसें

दिल्ली सरकार ने दूरदराज के इलाकों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और प्रदूषण कम करने के लिए ‘डेल्ही इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर’ (देवी) योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई है। यह योजना दिल्लीवासियों के लिए लाभकारी होगी, लेकिन राष्ट्रीय शोक के कारण इसकी लॉन्चिंग स्थगित कर दी गई है।

दिल्ली के दूरदराज के उन इलाकों में जहां फिलहाल डीटीसी बसों की सुविधा नहीं है, सरकार ने जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी कर ली है। इस योजना को ‘डेल्ही इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर’ (देवी) नाम दिया गया है। पहले इसकी लॉन्चिंग मंगलवार, 22 अप्रैल को होनी थी, लेकिन राष्ट्रीय शोक के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। दिल्ली सरकार के मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि ये इलेक्ट्रिक बसें दिल्लीवासियों के लिए कई तरह से लाभकारी होंगी। उन्होंने कहा कि ये बसें उन इलाकों में पहुंचेंगी, जहां अभी बस सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी। साथ ही, प्रदूषण कम करने में भी ये बसें अहम भूमिका निभाएंगी। सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करना है और ये बसें दिल्ली की जनता को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए हैं।

दिल्ली वालों के लिए Good News! अब सड़कों पर दौड़ेगी ‘DEVI’, जानें किसकी होगी राह आसान

उन्होंने बताया कि वाहनों से होने वाला प्रदूषण एक बड़ी समस्या है, और इलेक्ट्रिक बसें इस समस्या को कम करने में मदद करेंगी। सरकार का लक्ष्य धीरे-धीरे सभी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलना है। यह योजना अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन हर महीने या 15 दिन में अधिक से अधिक बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदला जाएगा। जैसे-जैसे सीएनजी बसों का समय खत्म होगा, इलेक्ट्रिक बसें उनकी जगह लेंगी।

उन्होंने कहा कि यह योजना दिल्ली में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इलेक्ट्रिक बसों के जरिए सरकार न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना चाहती है, बल्कि दिल्ली की जनता को सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा भी प्रदान करना चाहती है। ‘देवी’ योजना के तहत नौ मीटर की इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की योजना है, लेकिन पोप फ्रांसिस के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत सरकार द्वारा घोषित राष्ट्रीय शोक के कारण ‘देवी’ योजना की इलेक्ट्रिक बसों की लॉन्चिंग को टाल दिया गया है। नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.