नई दिल्ली : सांसद विजय गोयल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जमकर केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को स्लम जिंदगी जीने पर मजबूर कर दिया है, इसलिए उनके ऊपर महाभियोग चलाया जाना चाहिए। क्योंकि विश्व के 1600 शहरों में दिल्ली सबसे प्रदूशित शहर बन गया है। इसके लिए केजरीवाल पूरी तरह जिम्मेदार है।
इस अवसर पर मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा व सह-प्रमुख हरिहर रघुवंशी भी उपस्थित थे। विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है और केजरीवाल संस्थाओं और विशेषज्ञों की रिपोर्ट्स को लगातार झुठलाने की कोशिश कर रहे हैं जो दिल्ली के लोगों के साथ धोखा है।
केजरीवाल दिल्ली के करोड़ों लोगों की जान से खेल रहे हैं और अपनी जिम्मेदारियों का ठीकरा दूसरे राज्यों पर पराली जलाने के रूप में फोड़ रहे हैं, जबकि विशेषज्ञों की रिपोर्ट बताती है कि पराली से केवल 1 से 10 प्रतिशत तक ही प्रदूषण हो सकता है।
स्पष्ट है कि 90 प्रतिशत प्रदूषण स्थानीय कारणों की वजह से हो रहा है जिसकी जवाबदेही सीधे तौर पर मुख्यमन्त्री की बनती है, क्योंकि दिल्ली में वायु गुणवत्ता का स्तर लगातार गिर रहा है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 312 के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स सामान्य तौर पर 50 होता है और 50 से 100 के बीच इसे संतोषजनक माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



