किसानों ने काली पट्टी बांध टोल प्लाजा पर शुरू किया प्रदर्शन, कुंडली में एक्सप्रेस वे को किया जाम

Summary :

कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कुंडली में एक्सप्रेसवे जाम किया। किसानों ने आज सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे को जाम करने की घोषणा की है।

दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के विरोध प्रदर्शन शुरू होने के 100 दिन हो चुके हैं। शनिवार को दिल्ली व दिल्ली की सीमाओं के विभिन्न विरोध स्थलों को जोड़ने वाले केएमपी एक्सप्रेसवे पर 5 घंटे की नाकाबंदी करने का किसानों ने आह्वान किया है। जिसके तहत कुंडली की ओर जाने वाले डासना टोल पर किसानों ने अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कुंडली में एक्सप्रेस वे जाम किया। किसानों ने आज सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे को जाम करने की घोषणा की है। हालांकि किसानों के आने से पहले पुलिस की तरफ से इस टोल को एहतियातन बंद किया गया था। वहीं दूसरी ओर राहगीरों को किसी तरह की कोई समस्या न हो इसके लिए पुलिस ने रूट को डायवर्ट कर दिया है।
इसके तहत राहगीर मसूरी थाने से आगे गंगानहर के किनारे होते हुए मुरादनगर बागपत शामली जा सकते है। यदि मेरठ जाना है तो हापुड़ होते हुए जा सकते है। गाजियाबाद एसपी ट्रैफिक रामनन्द कुशवाहा ने बताया, “कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कुंडली की तरफ किसानों ने बंद किया है, जिसके तहत हमने कुंडली की ओर जाने वाले रास्ते को डासना टोल से ही बंद किया है ताकि आगे राहगीर न फसें।” गाजीपुर बॉर्डर से कुछ किसान टोल पहुंचे है, वहीं सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। किसानों के मुताबिक यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण है।

राहुल ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- ‘अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार’

Desk Team