पूर्वी दिल्ली : नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के करावल नगर इलाके में सोमवार रात एक शख्स पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जावेद फाइटर (42) के तौर पर हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर के मामले की छानबीन कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक एक बार सट्टे के चलते पुलिस शिकंजे में आया था। हत्या की पीछे क्या कारण है, पुलिस हर एंगल से उसकी जांच कर रही है। पुलिस मुताबिक, जावेद परिवार सहित भजनपुरा में रहता था। परिवार में पत्नी अनीसा, बड़ी बेटी अर्शी, दो बेटे अर्श व हुसैन हैं। जावेद का भाई प्रकाश अपने पिता प्यारे लाल, पत्नी व बच्चों के साथ पश्चिम विहार में रहता है।
सोमवार शाम को जावेद ने अपनी पत्नी से कहा कि वह किसी काम से शिव विहार जा रहा है, थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। रात करीब साढ़े दस बजे जावेद शिव विहार में गली में अकेला खड़ा था। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोलियां मार दीं। गोलियां लगने से जावेद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। जावेद के सीने और पेट में करीब पांच गोलियां लगीं हैं।
शादी के लिए किया था धर्म परिवर्तन
बताया गया है कि जावेद पहले हिंदू था और वह अपने परिवार के साथ पश्चिम विहार में रहता था। उसे अनीसा से प्यार हो गया था, लेकिन दोनों के घर वालों को यह मंजूर नहीं था कि दोनों की शादी हो। इसलिए उसने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। इससे नाराज होकर उसे घर से भी घर वालों ने निकाल दिया। इतना ही नहीं उसने अपने पिता प्यारे लाल का भी धर्म परिवर्तन कर प्यारे लाल से आदमबेग कर दिया। इसके बाद जावेद और उसकी पत्नी भजनपुरा में आकर बस गए।
दो पत्नियों ने छोड़ दिया था जावेद का साथ
जांच के दौरान पुलिस को ये भी पता चला है कि जावेद ने चारों शादियां अलग-अलग धर्म की लड़कियों से की थी। जिनमें से दो ने उसे छोड़ भी दिया था। वहीं जावेद के नाम के साथ फाइटर जुड़े होने की क्या थ्योरी है इसके बारे में भी अभी कुछ खास ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। मगर ये इतना तो पता चला है कि वो कोई प्रोफेशनल फाइटर नहीं था। कयास लगाए जा रहे हैं कि इलाके में धाक जमाने के लिए उसने ये नाम रख लिया था।


Download Android App
Download iOS App



