बदमाशों ने बच्चों के सामने पिता को मार डाला

Summary :

रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में रंजिश के चलते एक व्यक्ति की उसके बच्चों के सामने चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।

पश्चिमी दिल्ली : रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में रंजिश के चलते एक व्यक्ति की उसके बच्चों के सामने चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त बदमाशों ने मृतक के बच्चों को बंधक बनाकर एक किनारे खड़ा कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नजदीकी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। जिले के डीसीपी एसडी मिश्रा के अनुसार, मृतक की पहचान नरेश कुमार (38) के रूप में हुई है। 
बेगमपुर थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 394/397/302/34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान हो गई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुलिस के अनुसार, नरेश परिवार के साथ बेगमपुर स्थित राजीव नगर में रहता है। फिलहाल वह इन दिनों बेरोजगार था। सोमवार रात करीब 10.45 बजे नरेश घर में मौजूद था। इसी बीच चार बदमाश उसके घर में घुस आए। 
बदमाशों ने नरेश की 15 साल की बेटी व एक बेटे को चाकू दिखाकर एक किनारे खड़ा कर दिया। उसके बाद बदमाशों ने नरेश के साथ मारपीट कर उसे चाकू मार दिया। चाकू नरेश के कंधे पर लगा। इधर वारदात के बाद बदमाशों ने घर से दो मोबाइल फोन और करीब छह हजार रुपये लेकर फरार हो गये। बदमाशों के जाने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नरेश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
घटना के बारे में पूछे जाने पर डीसीपी एसडी मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि नरेश पहले सुल्तानपुरी इलाके में रहता था, अभी कुछ समय पहले ही वह राजीव नगर में शिफ्ट हुआ था। डीसीपी के अनुसार, जांच में पता चला है कि करीब एक माह पहले उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस ने हत्यारोपियों की पहचान कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों बच्चों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है।

Desk Team