कोहरे का कहर : 19 ट्रेनें रद्द, 100 हुईं लेट, 6 डिग्री से नीचे रहेगा तापमान

Summary :

NULL

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है। हर रोज मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कोहरे की वजह से हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे के बीच करीब 19 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। 100 ट्रेनें भी लेट हो गई हैं जबकि 44 ट्रेनों को रिशेड्यूल किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। जबकि अगले 72 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय कोहरा व दिन के समय कोहरा रहने की संभावना है।

भारतीय रेलवे ने उत्तर रेलवे के ट्रेनों में कोहरे से राहत के लिए सुरक्षा उपकरण लगाया है जो ट्रेनों की गति को बढ़ाने और कोहरे से होने वाली देरी को कम करेगा। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ नितिन चौधरी ने बताया कि हमने इस उपकरण में जीपीएस तकनीक का प्रयोग किया है जिसमें उत्तर रेलवे के पटरियों, संकेतों, स्टेशनों और लेवल क्रॉसिंग के मानचित्र शामिल हैं। यह लेवल क्रॉसिंग-सिग्नल के बारे में लोको पायलट को अलर्ट करेगा। जब ड्राइवर को लगेगा कि कोई बाधा नहीं है, तो वे गति बढ़ा सकते हैं।

गौरतलब है कि बुधवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर कोहरे में लिपटा था। हालांकि, 11 बजे तक हल्की धूप ने लोगों को राहत दी। आने वाले दिनों में मौसम में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। वहीं, अगले 72 घंटे तक सुबह के कोहरे से निजात नहीं मिलेगी। बुधवार सुबह घने कोहरे की वजह से सर्दी का अहसास ज्यादा हुआ। सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई जो सुबह साढ़े आठ बजे 800 मीटर हो गई। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में सुधार हुआ। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

Desk Team