नई दिल्ली : कांग्रेस के ओखला से पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने एक बयान देकर दिल्ली कांग्रेस में हंगामा खड़ा कर दिया है। आसिफ ने पूर्व सांसद और प्रदेश अध्यक्ष के बेटे संदीप दीक्षित पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पार्टी से बाहर निकालने की मांग कर दी है। आसिफ मोहम्मद ने अभी यह बयान मीडिया को दिया है, इस मसले को लेकर वह कल लिखित में प्रदेश प्रभारी पीसी चाको और प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित से करेंगे।
ओखला से पूर्व विधायक आसिफ मोम्मद खान का आरोप है कि पूर्वी दिल्ली से सांसद रह चुके संदीप दीक्षित ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली सीट से चुनावी मैदान में उतारे गए प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली को हराने के प्रपंच रचे। आसिफ का कहना है कि उन्होंने लवली को टिकट मिलने से दो दिन पहले ही ओखला विधानसभा क्षेत्र के दो पार्षदों के सहारे लवली को टिकट न मिल सके इसके लिए उन्हें आरएसएस की मानसिकता वाला बताते हुए वीडियो वायरल कराया, लेकिन उसके बाद भी लवली को टिकट मिल गया।
बाद में लवली का चुनाव प्रचार जब चढ़ने लगा और लगा की लवली जीत सकते हैं, तो उन्होंने लवली के खिलाफ फिर माहौल तैयार किया और इस बार संदीप दीक्षित ने उसके लिए मेरे बयान को हथियार बनाया। गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान आसिफ मोहम्मद खान ने पूर्वी दिल्ली से आप प्रत्याशी आतिशी की जाति को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसमें आसिफ ने आतिशी को यहूदी कहा था। इस पर आसिफ का तर्क है कि आप पार्टी लवली को भाजपा और संघ का आदमी बता कर उनकी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ फोटो वायरल करने वाले थे, उससे पहले उन्होंने राजनीतिक दांव चला और आतिशी को यहूदी बताया।
इसका पूरे क्षेत्र पर असर पड़ा और माहौल बिल्कुल बदल गया। आसिफ खान का आरोप है कि संदीप दीक्षित ने उनके इस दांव को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया और मतदान से दो दिन पहले यानी की 48 घंटे पहले अपने ड्राइंग रूम में बैठ कर एक वीडियो बनाया, जिसमें संदीप दीक्षित ने कहा कि आतिशी के लिए ऐसे कहना उचित नहीं है और उसे मुस्लिम इलाकों में वायरल कराया। आसिफ ने इसी वीडियो को आधार बनाकर संदीप दीक्षित को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। उनका आरोप है कि संदीप दीक्षित ने कांग्रेस में रह कर कांग्रेस के प्रत्याशी को हराने के लिए हर तरह के प्रयास किए। कई पार्षदों को इसके लिए माध्यम बनाया गया।


Download Android App
Download iOS App



