नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने शुक्रवार को ‘मैं हूं दिल्ली’ नामक अभियान का शुभारम्भ प्रदेश कार्यालय में किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने की।
सांसद गौतम गंभीर, युवा मोर्चा की ओर से आयोजित किए जाने वाले युवा संवाद डीयू के नाॅर्थ-साउथ कैम्पस के कैम्पस एम्बेसडर कार्यक्रम, जंतर मंतर पर आयोजित होने वाले यूथ कार्निवल और यूथ टाउन हाल में भी उपस्थित रह कर छात्रों एवं युवाओं को संबोधित करेंगे। इस मौके पर सांसद ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकाल में दिल्ली की जनता के लिए कोई भी ऐसा काम नहीं किया जिसे लेकर उनकी पार्टी चुनाव में उतर सके।
जनता केजरीवाल के झूठ को समझ चुकी है और हमें आवश्यकता है कि दिल्ली के घरों तक पहुंचकर लोगों को आम आदमी पार्टी के झूठ को बतायें और उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। चुनाव को सामने देख दिल्ली के मुख्यमंत्री घोषणा मंत्री के रूप में तमाम घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने की बात कोई नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हम सभी युवाओं को मिलकर दिल्ली की जनता को केन्द्र की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताना है और आम आदमी पार्टी की अराजक छवि को जनता के बीच उजागर करना है। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से दिल्ली की जनता को जागरूक करने के लिए बूथ स्तर पर काम करेेगा।
लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार जनता ने हमें दिल्ली के 13750 बूथों में से 12 हजार बूथों पर अपना समर्थन दिया और निगम के चुनावों में 9 हजार बूथों पर विजयी बनाया। उससे साफ है कि दिल्ली की जनता सकारात्मक होकर प्रधानमंत्री मोदी के साथ चलने को तैयार है, बस हमें उन्हें मतदान केन्द्र तक पहुंचाना है। बूथ से लेकर गठ व्यवस्था तक सभी कार्यकर्ता अपनी अपनी जिम्मेदारियों के हिसाब से कड़ी मेहनत से काम करेंगे तो निश्चित ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी।


Download Android App
Download iOS App



