दक्षिणी दिल्ली : द्वारका जिले में पुलिस की टीमें लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जिले की बाबा हरिदास नगर की पुलिस टीम ने दो अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की करीब साढ़े तीन हजार बोतल जब्त की है। इतना ही नहीं पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में इस्तेमाल दो लग्जरी कारें भी जब्त की हैं।
पहला मामला… इसकी पुष्टि करते हुए जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि एसीपी नजफगढ़ विजय सिंह की निगरानी में एसआई सुभाष, एएसआई मुकेश, हेड कांस्टेबल संतोष, कांस्टेबल सुरेश व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पहला मामला 26 दिसम्बर की सुबह साढ़े ग्यारह बजे के आसपास का है, जब अनाज मंडी के पास गश्त कर रही पुलिस टीम ने पाया कि एक कार संदिग्ध रूप से तेज गति से चलते हुए आई इंदिरा मार्केट की एक गली में घुस गई। लेकिन एक रिक्शे की वजह से कार रुक गई और कार चालक पुलिस को अपनी ओर आते देख भागने लगा। हालांकि इससे पहले की उसका सुदेश (30) नामक साथी भाग पाता पुलिस ने दबोच लिया।
कार की तलाशी के दौरान कार से 53 पेटियों में बंद 2644 बोतलें बरामद की है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि कार चालक का नाम नरेन्द्र उर्फ भल्ले है, जो बाबा हरिदास नगर इलाके का बीसी भी है वह फरार हो गया है। उस पर कई संगीन धाराओं के अलावा दंगा करने का भी आरोप है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दूसरा मामला… दूसरा मामला 26 दिसम्बर को ही करीब 12 बजे दोपहर में बहादुरगढ़ रोड पर अनाज मंडी के पास का है, जहां गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थिति में तेज रफ्तार में आ रही कार को जांच के लिए कार के समने बाइक खड़ी करके रोका। जिसके बाद कार चालक और उसका साथी कार से निकलकर भागने लगा।
हालांकि पुलिस टीम ने दोनों को ही दौड़ाकर दबोच लिया। दोनों की पहचान नवीन (23) और ऋषिपाल (32) के तौर पर की गई। कार की तलाशी के दौरान वहां से 45 पेटियों में बंद 860 अवैध शराब की बोतलें बरामद हईं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करते हुए कार समेत शराब जब्त कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



