नई दिल्ली : आज हम जो कुछ भी हैं, इन्हीं लोगों के विश्वास की वजह से हैं। हमारी कोशिश है कि हमारी जिंदगी का हर पल देश की सेवा में बीते। उक्त बातें मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कही। केजरीवाल ने कहा कि आप लोगों के घरों में एक हफ्ते में गंगा वाटर मिलने लगेगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गुरुवार को बदरपुर विधानसभा के विभिन्न हिस्सों का दौरा करके लोगों से उनकी समस्याएं सुनी।
उन्होंने कहा कि आपके यहां पानी की समस्या है, सीवर की समस्या है, सड़कें टूटी पड़ी हैं। मैं इन तीनों का इंतजाम करके आया हूं। आपके लिए आज तीन खुशखबरी लेकर आया हूं। आपके यहां पानी की पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। इनमें एक हफ्ते के अंदर गंगा वाटर आना शुरू हो जाएगा। अब आपके घरों में टोंटी से गंगा वाटर मिलने लगेगा। केवल चार गलियों में पानी की पाइप लाइन अभी तक नहीं पड़ी है। इसी महीने इन चार गलियों में भी पानी की पाइप लाइन डलनी शुरू हो जाएगी।
सीएम को गलियों में देख गदगद हुए लोग
गौतमपुरी कॉलोनी के मनोज साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद हम लोगों की समस्याएं सुनने हमारे बीच आए, बातचीत की। अब यहां गंगा वाटर आने लगेगा। सीवर लाइन भी डलने लगेगी। गलियां भी पक्की हो जाएंगी। बीआईडब्ल्यू कैंप केडी प्रधान कहते हैं कि मैंने पहली बार देखा है कि कोई मुख्यमंत्री गलियों में जाकर, घर-घर जाकर लोगों से मिलता हो। उनकी समस्याएं सुनता हो। अरविंद केजरीवाल ऐसा कर रहे हैं।
15 दिन में शुरू होगा सीवर लाइन का काम
सीएम केजरीवाल ने कहा कि पूरे इलाके 15 दिन में सीवर की पाइप लाइन डलनी शुरू हो जाएंगी। इसका टेंडर हो चुका है। जिस-जिस गली में सीवर पड़ता जाएगा, उन-उन गलियों का निर्माण भी साथ-साथ होता जाएगा। ऐसा होने से आप सबको अब बारिशों में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App



