हरिद्वार : योगगुरु बाबा रामदेव ने राम मंदिर निर्माण की वकालत करते हुए कहा कि इसके लिए संसद में जल्द कानून लाया जाए। उन्होंने कहा कि अब यही एक रास्ता बचा है। निकाय चुनाव के हरिद्वार जिले के कनखल सती कुंड में बने मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद योगगुरु बाबा रामदेव ने पत्रकारों से बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इसके अलावा और कोई चारा नहीं है। इसलिए उन्हें राम मंदिर निर्माण को जल्द संसद में बिल ले आना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा राष्ट्र भक्त और राम भक्त बताया।
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा की भगवान श्रीराम का कोई भी पक्ष नहीं है और इस देश का हर भारतीय चाहे वह हिंदू हो मुस्लिम, सिख, ईसाई हो उनकी संतान है। राम उनके पूर्वज हैं इसलिए राम मंदिर निर्माण को लेकर अब कोई देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर बैठक धर्म संसद धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होने वाला।
निर्माण के लिए केवल दो ही रास्ते हैं, एक सुप्रीम कोर्ट और दूसरा देश की सबसे बड़ी न्यायपालिका संसद। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से निराशा मिली है, इसलिए अब संसद ही एकमात्र रास्ता बचा है।


Download Android App
Download iOS App




