नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रघुवीर नगर में युवा फोटोग्राफर अंकित सक्सेना जिसकी शुक्रवार को एक प्रेम संबंध के चलते हत्या कर दी गई थी के परिजनों से भेंट की और भाजपा परिवार की ओर से संवेदना प्रकट की। परिजनों से मुलाकात के दौरान तिवारी को जानकारी मिली कि फोटोग्राफर अंकित के माता-पिता भी शुक्रवार को हुये हमले में घायल हुये थे और उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं पर दिल्ली सरकार की ओर से उनको इलाज की कोई सुविधा प्रदान करने का प्रयास नहीं किया गया है।
परिवार ने अनेक बार फोन कर एम्बुलेंस मंगवाने का प्रयास किया पर उन्हें हर बार टाल दिया गया। तिवारी ने अंकित के माता-पिता के इलाज के लिये डाॅ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में अविलम्ब व्यवस्था करवाई। मनोज तिवारी ने कहा कि देश की राजधानी में इस प्रकार की घटना और उस पर मुख्यमंत्री सहित अनेक गैर सरकारी संगठनों की चुप्पी यह दर्शाती है कि कहीं न कहीं ऐसी दुखद घटनाओं के पीछे भी राजनीति की जाती है। दिल्ली भाजपा ने मांग की है कि दिल्ली सरकार जिस तरह पहले अनेक मामलों में एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा कर चुकी है उसी तरह फोटोग्राफर अंकित के परिवार को भी मुआवजा दे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



