नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री और दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने ट्विटर पर आप सरकार के घोटालों की एक लिस्ट जारी की है। इसमें छह घोटालों का जिक्र है। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए लिखा है कि इमानदारी के वादे थे, गंदे तेरे इरादे थे।
इन छह घोटालों में उन्होंने नंबर प्लेट घोटाले को सबसे उपर रखते हुए कहा है कि आप सरकार ने नंबर प्लेट का ठेका रद्ध करने के बाद मध्यस्थता की आड़ में उन्होंने कंपनी को ऊंची कीमतों पर नंबर प्लेट बेचने दिया। विजय गोयल ने इससे 300 करोड़ के घोटाले होने का दावा किया है। इसके बाद उन्होंने चीनी घोटाले को रखा है।
उनका कहना है कि जब सहकारी सोसाइटियां 19 रुपए प्रति किलो में चीनी बेच रही थीं, तब सरकार ने 34 रुपए प्रति किलो के हिसाब से चीनी खरीदी। इसके अलावा उन्होंने 16 रुपए प्रति किलो के भाव से प्याज खरीद कर 30 रुपए प्रति किलो में बेचा। मोहल्ला क्लीनिक पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि क्लीनिक खोलने के नाम पर अपने कार्यकर्ताओं के परिसर को दो करोड़ के किराए पर लिया।
बीआरटी कॉरीडोर तोड़ने के लिए 11 करोड़ का ठेका दिया, लेकिन इसमें से निकलने वाले कबाड़ को वापस नहीं लिया। लिस्ट के आखिरी में पानी टैंकर घोटाले का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ओर उनकी पार्टी ने पानी के टैंकर में घोटाले का मामला बहुत जोर शोर से उठाया था, लेकिन जीतने के चार साल बाद भी वही दोषी ठेकेदार काम कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



