गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनी टनल के अंदर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और टनल के अंदर काले धुएं का गुबार छा गया। धुएं की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम हो गई, जिससे वहां से गुजर रहे दूसरे वाहनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि कार चालक समय रहते बाहर निकल आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल रहा है।
टनल के अंदर लगे आग बुझाने वाले यंत्रों से टला हादसा
यह हादसा गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे पर बने नए एयरपोर्ट टनल में हुआ। टनल के अंदर जैसे ही कार में आग लगी, हर तरफ धुआं-ही-धुआं छा गया। अच्छी बात ये रही कि जिस वक़्त हादसा हुआ, उस समय टनल के प्रवेश और निकास द्वारों पर दिल्ली पुलिस की टीम तैनात थी। जैसे ही टनल से धुआं निकलते दिखा, पुलिस टीम एक्शन मोड में आ गई। हालांकि बताया जा रहा है कि टनल के अंदर आग बुझाने के लिए यंत्र लगे हैं, जो आग लगते ही एक्टिव हो गए थे। इस वजह से आग ज्यादा नहीं फैली और हादसा भी टल गया।
द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में अचानक एक कार में आग लग गई…
जैसे ही आग लगी तुरंत आटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम एक्टिवेट हो गया और देखो किस तरह से आग पर काबू पाया गया…
ये है नए भारत का नया एक्सप्रेसवे।@narendramodi @nitin_gadkari#DwarkaExpressway pic.twitter.com/wlV5ZPKi5v
— Rameshwar Pandey (@Rameshwar8285) July 14, 2026
लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर सर्विस को दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। कार में इतनी भीषण आग लगी थी कि टनल के अंदर वेंटिलेशन सिस्टम होने के बावजूद धुआं फैल गया। सुरक्षाकर्मियों ने सभी वाहनों को टनल के बाहर की रोक दिया और एंट्री बंद कर दी। इसके बाद टनल के अंदर फंसी गाड़ियों में से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
टनल के पास लगा भीषण जाम
गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे की टनल में कार में लगी इस भीषण आग के बाद पूरे रूट पर यातायात प्रभावित रहा। जैसे ही कार ने आग पकड़ी और टनल के अंदर दमघोंटू काला धुआं फैल गया, सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए टनल के एंट्री पॉइंट्स को बंद कर दिया। टनल के अंदर किसी भी वाहन की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई, जिसके चलते एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की लाइन लग गई। घंटों-घंटों तक ऑफिस जाने वाले लोग भारी जाम में फंसे रहे।


Download Android App
Download iOS App




