Human Trafficking Arrest Delhi: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की सतर्क पुलिसिंग टीम ने एक 17 वर्षीय किशोरी को नौकरी के बहाने दिल्ली लाकर बेचने की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने किशोरी को बेचने की कोशिश कर रहे आरोपी शिवजी दास (52) को गिरफ्तार कर लिया है। कथित तौर पर वह किशोरी को जीबी रोड पर बेचने का प्रयास कर रहा था। डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली यह किशोरी 14 मार्च को पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर दिल्ली आ गई थी। यहां उसके एक जानकार के माध्यम से आरोपी शिवजी दास ने उसे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले लिया।
आरोपी उसे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नेहरू विहार स्थित अपने घर ले गया, जहां उसे घरेलू काम के बहाने रखा गया। आरोपी ने अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में उसके साथ छेड़छाड़ की और डराकर चुप रहने की धमकी दी। करीब 18 दिनों तक शोषण सहने के बाद दो अप्रैल को आरोपी उसे एस.एन. मार्ग इलाके में लेकर पहुंचा। यहां उसने किशोरी को पार्किंग में बैठाकर यह कहकर इंतजार करने को कहा कि वह उसके लिए नौकरी की व्यवस्था करने जा रहा है। इसी दौरान वहां से गुजर रही महिला पुलिस पेट्रोलिंग टीम से पीड़िता ने इशारा कर मदद मांगी।
बेचने की इरादे से लाया था आरोपी
सब-इंस्पेक्टर किरण सेठी, महिला कांस्टेबल खुशबू और पूजा ने बिना देर किए किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसकी आपबीती सुनी। जांच के दौरान जब टीम पास की दुकान पर पूछताछ करने पहुंची, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ आरोपी किशोरी को बेचने की सौदेबाजी कर रहा था। पुलिस की मौजूदगी के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया। महिला पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कमला मार्केट थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद किशोरी को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे सुरक्षित शेल्टर होम भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App




