पति-पत्नी करते थे लुटेरे गैंग को ऑपरेट, धरे गए

Summary :

लुटेरे गैंग को ऑपरेट करने वाला कुख्यात अपनी पत्नी और ​गैंग के एक अन्य लुटेरे के साथ द​क्षिण-पूर्वी जिले की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस द्वारा धर लिया।

दक्षिणी दिल्ली : अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंतरराज्यीय लुटेरे गैंग को ऑपरेट करने वाला कुख्यात अपनी पत्नी और ​गैंग के एक अन्य लुटेरे के साथ द​क्षिण-पूर्वी जिले की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस द्वारा धर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जुबैर उर्फ तड़का उर्फ देवराज (23) उसकी पत्नी हुदा (21) और गैंग का अन्य लुटेरा अदनान उर्फ गोल्डन (20) शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो देसी कट्टा, 4 कारतूस, सोने की चेन और बाइक जब्त की है। गिरफ्तार अदनान पर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस टीम पर फायरिंग का भी आरोप है। जबकि जुबैर की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित​ किया था।

इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि इस गैंग ने गत मार्च माह में दिनदहाड़े एक महिला और उसके पति से बैंक के बाहर हथियार के बल तकरीबन डेढ़ लाख रुपए नगद और सोने की चेन लूट ली थी। आरोपी बिना नंबर वाली बाइक से वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे।

इसकी शिकायत पर पुलिस ने स्थानीय थाने में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और उसके आधार पर कई लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने बैंक की फुटेज दो संदिग्ध पुरुष और एक महिला को देखा। पुलिस ने जब तीनों की जानकारी निकाली तो पता चला कि उक्त महिला हुदा है, जो कुख्यात अपराधी जुबैर की पत्नी है। पुलिस हुदा और उसके पति जुबैर की तलाश में जुट गई और काफी मशक्कत के बाद जुबैर को जामिया नगर के जाकीर नगर स्थित एक फ्लैट से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। ​उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसकी पत्नी हुदा को भी छत्तरपुर से गिरफ्तार कर लिया।

Desk Team