अगर हम मतदान नहीं करेंगे तो लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह जाएगा: दिल्ली सीईओ रनबीर सिंह

Summary :

दिल्ली के सीईओ ने कहा, “मतदान हमारा अधिकार है और समय आने पर हम मतदान नहीं करते हैं, तो यह बेकार है।

नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के युवाओं को दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने शहर के युवाओं को आठ फरवरी को होने वाले लोकतंत्र के त्योहार का हिस्सा बनने को कहा। 
दिल्ली के सीईओ ने कहा, “मतदान हमारा अधिकार है और समय आने पर हम मतदान नहीं करते हैं, तो यह बेकार है। हम एक लोकतंत्र में रहते हैं और अगर हम मतदान नहीं करेंगे तो लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह जाएगा – चाहे वह संसदीय चुनाव हो या विधानसभा चुनाव हो।’’ 
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र का मतलब है कि सत्ता की चाबी लोगों के हाथ में है। आपका मत ही वह कुंजी है। इसलिए आपको अपने नेता के रूप में सबसे उपयुक्त व्यक्ति को चुनने के लिए इस कुंजी का उपयोग करना ही चाहिए।’’ सिंह ने कहा कि लोगों को वोट डालने से पहले उम्मीदवारों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश करनी चाहिए। 

Desk Team