दूसरी कटऑफ में दाखिले खत्म, अंतिम दिन साढ़े तीन हजार ने लिया दाखिला

Summary :

जानकारी के मुताबिक अंतिम दिन साढ़े तीन हजार से अधिक छात्रों ने दाखिला करवाया। दूसरी कटऑफ में शनिवार को 3069 दाखिले रद्द करवाए गए।

नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में दूसरी कटऑफ के तहत स्नातक कोर्सों में दाखिले शनिवार को खत्म हो गए। पहली कटऑफ में दाखिला पक्का न करवा पाने के चलते शनिवार को दाखिले के लिए छात्र-छात्राओं की काफी संख्या कॉलेज पहुंची। 
     
जानकारी के मुताबिक अंतिम दिन साढ़े तीन हजार से अधिक छात्रों ने दाखिला करवाया। दूसरी कटऑफ में शनिवार को 3069 दाखिले रद्द करवाए गए। दूसरी कटऑफ में नाम न आने वाले छात्रों को अब 9 जुलाई को जारी की जाने वाली तीसरी कटऑफ का इंतजार है। 
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कॉलेजों में स्नातक कोर्सों में दाखिले के लिए छात्रों के समक्ष आ रही समस्याओं के मद्देनजर सीवाईएसएस ने छात्रों की मदद करने का मन बनाया है। इस कड़ी में सीवाईएसएस ने डीयू के विभिन्न कॉलेजों में शनिवार को छात्रों के लिए सहायता कैंप लगाकर दाखिले की प्रवेश प्रक्रिया में सुविधा प्रदान की। 
सीवाईएसएस के कार्यकर्ताओं ने बताया कि छात्रों ने मदद के प्रति उत्सुकता दिखाई और आभार व्यक्त किया और उनके सहायक दृष्टिकोण के प्रति सकारात्मकता दिखाते हुए उनका समर्थन भी किया। वहीं सीवाईएसएस ने एबीवीपी और एनएसयूआई द्वारा उन्हें हेल्प डेस्क और बैनर लगाने के समय परेशानी खड़ी करने की शिकायत की है। 

Desk Team