बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जोगिया मारन गांव की पंचायत ने एक लड़की को बेहद ही अमानवीय फैसला सुनाया। दरअसल, लड़की प्रेमी के साथ भाग गई थी। जिसके बाद उसे बीच गांव में पांच घंटे तक पेड़ से बांध कर रखा गया और पिटाई भी की गई। हैरानी की बात तो ये है की ये सब उसके अपने भाई और मां ने किया।
जानकारी के अनुसार घरवालों के राजी नहीं होने पर लड़की अपने प्रेमी के साथ 30 सितंबर को फरार हो गई। वह नवादा के पास के ही गांव में प्रेमी के साथ रहने लगी। इस बीच उसके घरवालों को इसकी जानकारी हुई तो वे गुरुवार को वहां पहुंचे और उसे पकड़कर गांव लाये। घटना की जानकारी पर गांव में पंचायत बुलायी गयी। पंचायत के तुगलकी फरमान के बाद उसे पेड़ से बांधकर पीटा गया।
लड़की के मुताबिक, वह उस लड़के से प्यार करती थी, लेकिन उसके परिवार वाले विवाह के लिए राजी नहीं थे। लिहाजा, वह अपने प्रेमी के साथ भाग गयी। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव जाकर लड़की का बयान लिया और परिजनों को चेतावनी देकर उसे सौंप दिया। एसपी एस हरि प्रसाथ ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटना की जांच कराई जाएगी, जो भी इसमें दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



