मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी विकासखण्ड में भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं के आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधित फुटेज सीसीटीवी में कैद होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक सात अक्टूबर को पूर्व सांसद नीता पटेरिया और भाजपा मंडल अध्यक्ष केवलारी सचिन अवधिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केवलारी में शासकीय कार्यालयों और भवनों में पार्टी के पोस्टर चिपकवाए। अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार के पोस्टर चिकपवाने संबंधित जानकारी सीसीटीवी में कैद हुई है।
सूत्रों ने कहा कि इस कृत्य से श्रीमति पटेरिया और उनके साथियों द्वारा आदर्श आचार संहिता उल्लंघन प्रमाणित होता है। पार्टी नेताओं ने मध्यप्रदेश सम्पत्ति विरूपण निवारण अधिनियम का भी उल्लंघन किया है। इसके चलते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के परिपालन में केवलारी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी ने केवलारी थाना प्रभारी को पत्र लिखकर सम्बंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



